चंदन नगर पुलिस ने वाहन चोर गिरोह का किया पर्दाफाश, दो शातिर चोर गिरफ्तार, अलीराजपुर में बेचते थे चोरी के वाहन

Indore Bike Theft Gang Arrested: इंदौर के चंदन नगर थाना पुलिस ने वाहन चोर गिरोह का पर्दाफाश करते हुए दो शातिर आरोपियों को गिरफ्तार किया है। आरोपियों के कब्जे से चार चोरी के दोपहिया वाहन बरामद
इंदौर में चंदन नगर पुलिस की गिरफ्त में वाहन चोरी के दो आरोपी और बरामद किए गए चार चोरी के दोपहिया वाहन
इंदौर के चंदन नगर थाना पुलिस ने वाहन चोर गिरोह का पर्दाफाश करते हुए दो आरोपियों को गिरफ्तार किया और उनके कब्जे से चार चोरी के दोपहिया वाहन बरामद किए (फोटो सोर्स - नवभारत)
Published on
Updated on

Indore Police Arrest Bike Thieves: शहर में लगातार हो रही दोपहिया वाहन चोरी की घटनाओं के बीच चंदन नगर पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। पुलिस ने एक वाहन चोर गिरोह का पर्दाफाश करते हुए दो शातिर आरोपियों को गिरफ्तार किया है। आरोपियों के कब्जे से चोरी के चार दोपहिया वाहन बरामद किए गए हैं।

रात्रिकालीन चेकिंग में मिली सफलता

पुलिस के अनुसार वाहन चोरी की बढ़ती घटनाओं को देखते हुए विशेष टीम गठित की गई थी। जांच के दौरान जानकारी मिली कि चोरी के वाहन धार रोड के रास्ते धार, झाबुआ और अन्य क्षेत्रों में ले जाकर बेचे जाते हैं। इसी सूचना के आधार पर नवादा पंथ क्षेत्र में देर रात आउटर वाहन चेकिंग अभियान चलाया गया।

भागने की कोशिश, पुलिस ने घेराबंदी कर पकड़ा

चेकिंग के दौरान दो संदिग्ध युवक बाइक पर आते दिखाई दिए। पुलिस को देखकर उन्होंने भागने का प्रयास किया, लेकिन टीम ने घेराबंदी कर दोनों को पकड़ लिया। पूछताछ में दोनों ने सूने स्थानों और पार्किंग में खड़े दोपहिया वाहनों के लॉक तोड़कर डायरेक्ट वायर कनेक्शन के जरिए चोरी करना कबूल किया।

चार चोरी के वाहन बरामद

गिरफ्तार आरोपियों की निशानदेही पर थाना चंदन नगर क्षेत्र से चोरी की गई तीन बाइक और थाना एरोड्रम क्षेत्र से चोरी की गई एक एक्टिवा स्कूटर बरामद की गई। बरामद वाहनों में होंडा शाइन, हीरो स्प्लेंडर, रॉयल एनफील्ड बुलेट और एक बिना नंबर की ग्रे रंग की एक्टिवा शामिल है।

अलीराजपुर और गुजरात में बेचते थे चोरी के वाहन

गिरफ्तार आरोपियों की पहचान विकास गुर्जर और सौरभ राजपूत के रूप में हुई है। पूछताछ में उन्होंने कबूल किया कि चोरी के दोपहिया वाहन अलीराजपुर और गुजरात में बेचकर अपने शौक पूरे करते थे। पुलिस आरोपियों के आपराधिक रिकॉर्ड, सीसीटीवी फुटेज और अन्य मामलों में संलिप्तता की जांच कर रही है। अधिकारियों का मानना है कि पूछताछ में अन्य वाहन चोरी की वारदातों का भी खुलासा हो सकता है।

Navbharat Live: Hindi News
navbharatlive.com