

Indore Milk New Rate : इंदौर में आज से दूध के नए भाव लागू हो गए हैं। इंदौर दूध विक्रेता संघ की कार्यकारिणी बैठक में दूध की कीमतों में बढ़ोतरी का फैसला लिया गया। संघ ने अवर्षा की स्थिति और पशु आहार की लगातार बढ़ती कीमतों को दूध के दाम बढ़ाने की प्रमुख वजह बताया है। नई दरों के अनुसार घर पहुंच दूध 65 रुपए और दुकानों व डेयरियों पर दूध 68 रुपए प्रति लीटर मिलेगा।
संघ की बैठक अध्यक्ष भरत मथुरावाला की अध्यक्षता में हुई। इसमें दूध उत्पादक किसानों से फैट के आधार पर दूध खरीदने की नई दर तय की गई। अब किसानों से 9.23 रुपए प्रति फैट की दर से दूध खरीदा जाएगा। इससे पहले यह दर 8.90 रुपए प्रति फैट थी। संघ के मुताबिक नए भाव 5.5 से 6 फैट वाले दूध को आधार मानकर निर्धारित किए गए हैं।
बढ़ती लागत को देखते हुए इंदौर जिले में घर पहुंच दूध की सेवा शुल्क में भी एक रुपए प्रति लीटर की वृद्धि की गई है। संघ अध्यक्ष भरत मथुरावाला के अनुसार, पहले बंदी भाव 62 रुपए प्रति लीटर था, जो अब घर पहुंच सेवा शुल्क सहित 65 रुपए प्रति लीटर रहेगा। इस बढ़ोतरी के साथ उपभोक्ताओं को घर पहुंच दूध के लिए पहले की तुलना में अधिक कीमत चुकानी होगी।
नई दरों के मुताबिक दुकानों और डेयरियों पर दूध की कीमत 68 रुपए प्रति लीटर होगी। संघ का कहना है कि दुकानों और डेयरियों पर दूध की बिक्री के दौरान लेबर और पैकिंग सामग्री का खर्च भी व्यापारियों को उठाना पड़ता है। इसी लागत को ध्यान में रखते हुए बिक्री दर तय की गई है।
संघ अध्यक्ष भरत मथुरावाला ने बताया कि मौजूदा परिस्थितियों में दूध उत्पादन की लागत बढ़ रही है। अवर्षा के साथ पशुओं के आहार की कीमतों में भी लगातार इजाफा हो रहा है। कपास्या खली, चापड़ और भूसे जैसी सामग्री महंगी होने से किसानों की लागत और बढ़ सकती है। संघ ने संकेत दिया है कि यदि आगे स्थिति और प्रतिकूल होती है या पशु आहार की कीमतों में और बढ़ोतरी होती है, तो कार्यकारिणी की बैठक बुलाकर दूध के भाव की दोबारा समीक्षा की जा सकती है। हालांकि इंदौर में दूध महंगा होने से लोगों को ज्यादा जेब ढीली करनी होगी।