

Indore Knife Attack : इंदौर के सदर बाजार थाना क्षेत्र के इमली बाजार चौराहे पर एक बदमाश ने पुलिस जवान पर चाकू से हमला कर दिया। आरोपी शुभम जाटव ने हेड कॉन्स्टेबल पवन सिसोदिया पर कथित तौर पर करीब 8 बार चाकू से वार किए। हमले में जवान की गर्दन, हाथ-पैर और जांघ समेत शरीर के अलग-अलग हिस्सों में चोटें आई हैं। गंभीर रूप से घायल होने के बावजूद हेड कॉन्स्टेबल ने आरोपी को मौके से भागने नहीं दिया और उसे पकड़कर सदर बाजार थाने पहुंचाया।
पुलिस के मुताबिक, हेड कॉन्स्टेबल पवन सिसोदिया पुलिसकर्मी पवन रामबाण के साथ इमली बाजार क्षेत्र से गुजर रहे थे। इसी दौरान आरोपी शुभम जाटव ने चाकू की धार करने वाली दुकान से चाकू उठाया और एक व्यापारी पर हमला करने की कोशिश की। पुलिस जवान ने आरोपी को रोकने का प्रयास किया, जिसके बाद आरोपी ने उसी पर चाकू से हमला कर दिया।
आरोपी ने जवान पर लगातार चाकू से वार किए। हमले में पवन सिसोदिया की गर्दन, हाथ-पैर और जांघ समेत शरीर के कई हिस्सों में चोटें आईं। घायल होने के बावजूद जवान ने हिम्मत नहीं छोड़ी और आरोपी को काबू में कर लिया। इसके बाद उसे लेकर सदर बाजार थाने पहुंचा।
इंदौर पुलिस ने आरोपी शुभम जाटव को गिरफ्तार कर उसके कब्जे से चाकू जब्त कर लिया है। उसके खिलाफ हत्या के प्रयास सहित अन्य धाराओं में प्रकरण दर्ज किया गया है। घटना के बाद पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है और आरोपी से पूछताछ की जा रही है।
पुलिस के अनुसार, शुभम जाटव के खिलाफ पहले से 11 आपराधिक मामले दर्ज हैं। घटना के समय उसके नशे में होने की बात भी सामने आई है। फिलहाल आरोपी को उपचार के लिए एमवाय अस्पताल में भर्ती कराया गया है। पुलिस उसके पुराने आपराधिक रिकॉर्ड और घटना के पीछे की वजहों की भी जांच कर रही है।
घटना के बाद इमली बाजार क्षेत्र में पुलिस की निगरानी और नशे में घूमने वाले संदिग्ध लोगों पर कार्रवाई को लेकर सवाल उठ रहे हैं। पुलिस अब आरोपी से पूछताछ के साथ इलाके में हथियार लेकर घूमने और नशे की स्थिति में उपद्रव करने वालों के खिलाफ कार्रवाई को लेकर भी जांच कर रही है।