बगीचे की जमीन पर बन रहे अवैध मकान पर चला निगम का बुलडोजर, 2000 वर्गफीट निर्माण ध्वस्त

Indore Nigam Action: नगर निगम ने सुविधि नगर में बगीचे के लिए आरक्षित जमीन पर बन रहे करीब 2000 वर्गफीट के अवैध निर्माण को ध्वस्त कर दिया। निगम के नोटिस जारी करने के बावजूद निर्माण नहीं रोका गया था।
JCB demolishing an under-construction illegal house built on land reserved for a public garden in Suvidhi Nagar, Indore, during an Indore Municipal Corporation enforcement drive.
जेसीबी की मदद से अवैध निर्माण हटाता नगर निगम
Published on
Updated on

Indore Demolishes Illegal House: नगर निगम ने शहर में अवैध निर्माणों के खिलाफ अभियान जारी रखते हुए जोन-16 के वार्ड-14 स्थित सुविधि नगर में बगीचे के लिए आरक्षित जमीन पर बन रहे एक अवैध मकान को रिमूवल कार्रवाई के दौरान ध्वस्त कर दिया। आयुक्त क्षितिज सिंघल के निर्देश पर की गई इस कार्रवाई में निर्माणाधीन मकान को जेसीबी की मदद से तोड़ा गया।

प्लिंथ लेवल तक पहुंच चुका था निर्माण

नगर निगम अधिकारियों के अनुसार सुविधि नगर में करीब 2000 वर्गफीट क्षेत्रफल में मकान का निर्माण किया जा रहा था। मकान प्लिंथ लेवल तक पहुंच चुका था और उसकी दीवारें भी खड़ी हो गई थीं। बताया गया कि अगले दो-चार दिनों में छत डालने की तैयारी चल रही थी, लेकिन उससे पहले ही निगम की टीम ने मौके पर पहुंचकर निर्माण को ध्वस्त कर दिया।

बगीचे के लिए आरक्षित जमीन पर हो रहा था निर्माण

जानकारी के मुताबिक, जोन-16 के अंतर्गत ग्राम छोटा बांगड़दा के प्लॉट नंबर 41-बी एवं 42-बी पर यह निर्माण किया जा रहा था। कॉलोनी के स्वीकृत लेआउट में यह भूमि बगीचे के लिए आरक्षित है, लेकिन यहां अवैध रूप से मकान बनाया जा रहा था।

चार बार नोटिस के बाद हुई कार्रवाई

इंदौर नगर निगम के क्षेत्रीय बिल्डिंग अफसर ने बताया कि शिकायत मिलने के बाद निर्माणकर्ता पुष्पावती यादव को अवैध निर्माण हटाने के लिए लगातार चार बार नोटिस जारी किए गए थे। इसके बावजूद निर्माण कार्य बंद नहीं किया गया और नियमों की अनदेखी करते हुए निर्माण जारी रखा गया। इसके बाद निगम ने रिमूवल कार्रवाई करते हुए निर्माणाधीन मकान को जेसीबी से हटवा दिया।

यह भी पढें:

अवैध निर्माणों पर निगम की सख्ती जारी

नगर निगम का कहना है कि सार्वजनिक उपयोग और आरक्षित भूमि पर किसी भी प्रकार का अवैध निर्माण बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। अधिकारियों ने स्पष्ट किया है कि इंदौर शहर में अवैध कब्जों और निर्माणों के खिलाफ अभियान आगे भी लगातार जारी रहेगा तथा नियमों का उल्लंघन करने वालों पर इसी तरह सख्त कार्रवाई की जाएगी।

Navbharat Live: Hindi News
navbharatlive.com