इंदौर में मानव तस्करी का बड़ा खुलासा, नाबालिग का आधार बदलकर कराई शादी; 3 लाख में किया सौदा

Human Trafficking Case Indore: मानव तस्करी गिरोह का सनसनीखेज खुलासा, 16 साल की किशोरी के आधार में उम्र बदलकर रचाई शादी, फर्जी मां-बाप बनकर लड़कियों का सौदा करने वाले गिरोह के 4 आरोपी गिरफ्तार।
Indore Police have uncovered an alleged human trafficking racket in which a minor was reportedly sold.
इंदौर में मानव तस्करी गिरोह का बड़ा खुलासा(सोर्स- सोशल मीडिया)
Published on: 
Updated on: 

Minor Girl Human Trafficking Indore: इंदौर की बाणगंगा पुलिस ने नाबालिग लड़कियों की खरीद-फरोख्त और फर्जी शादी कराने वाले एक संगठित मानव तस्करी गिरोह का भंडाफोड़ किया है। पुलिस जांच में सामने आया कि गिरोह ने 16 वर्षीय किशोरी के आधार कार्ड में जन्मतिथि बदलकर उसे 21 वर्ष का दर्शाया।

इसके बाद उसे रतलाम जिले के बड़ावदा निवासी एक व्यक्ति को तीन लाख रुपये में बेच दिया गया और फर्जी दस्तावेजों के आधार पर शादी करा दी गई। मामले का खुलासा तब हुआ जब किशोरी की मां ने उसके लापता होने पर अपहरण का मामला दर्ज कराया।

जांच में सामने आई संगठित गिरोह की साजिश

एडिशनल डीसीपी क्राइम राजेश दंडोतिया के मुताबिक जांच के दौरान पुलिस को पता चला कि आरोपी केवल दस्तावेजों में हेरफेर ही नहीं करते थे, बल्कि खुद को लड़की के माता-पिता बताकर शादी की पूरी प्रक्रिया भी पूरी कराते थे। पुलिस ने कार्रवाई करते हुए गिरोह के मास्टरमाइंड संजय यादव निवासी मुसाखेड़ी इंदौर, रामविलास उर्फ राकेश यादव निवासी वृंदावन कॉलोनी इंदौर, संजू पाटीदार निवासी बड़ावदा रतलाम और नंदराम पाटीदार को गिरफ्तार कर लिया है। वहीं सोनू बंजारा, किशोर चौहान, कच्छूलाल गुर्जर, लालसिंह गुर्जर और बाबू दादा अभी फरार हैं, जिनकी तलाश में पुलिस लगातार दबिश दे रही है।

बार-बार शादी कर लड़कियों को बेचने की थी योजना

पूछताछ में आरोपियों ने चौंकाने वाले खुलासे किए हैं। इंदौर पुलिस के अनुसार गिरोह का मकसद लड़कियों की बार-बार शादी कराकर उन्हें अलग-अलग स्थानों पर बेचने का था। आरोपी हर दो से चार महीने के अंतराल पर पीड़िताओं को दूसरे स्थान पर ले जाकर दोबारा शादी कराने और फिर पैसे लेकर बेचने की योजना बनाते थे। प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि गिरोह इस तरह 5 से 6 स्थानों पर लड़कियों का सौदा करने की तैयारी में था।

यह भी पढ़ें: इंदौर में मानव तस्करी का बड़ा खुलासा, नाबालिग का आधार बदलकर कराई शादी; 3 लाख में किया सौदा

कई राज्यों तक फैले नेटवर्क की जांच तेज

पुलिस को आशंका है कि यह गिरोह केवल इंदौर और रतलाम तक सीमित नहीं है, बल्कि कई राज्यों में इसी तरह की वारदातों को अंजाम दे चुका है। अब पुलिस पूरे नेटवर्क की कड़ियां जोड़ने में जुटी है और फरार आरोपियों के साथ-साथ उन लोगों की भी भूमिका की जांच कर रही है, जिन्होंने फर्जी दस्तावेज तैयार करने या शादियों को अंजाम देने में सहयोग किया। अधिकारियों का कहना है कि जांच के आगे बढ़ने के साथ इस मामले में और भी बड़े खुलासे होने की संभावना है।

Navbharat Live: Hindi News
navbharatlive.com