

Indore Policeman Accused of Assault: इंदौर में पुलिस की कार्यप्रणाली एक बार फिर सवालों के घेरे में है। सोशल मीडिया पर वायरल हो रहे एक वीडियो में द्वारकापुरी थाने के एक हेड कॉन्स्टेबल को कमर में पिस्टल लगाए वाइन शॉप के अंदर कर्मचारियों से विवाद और मारपीट करते हुए देखा जा रहा है। वीडियो सामने आने के बाद पुलिस की छवि पर गंभीर सवाल उठ रहे हैं। हालांकि, पुलिस अधिकारियों का कहना है कि पूरे मामले की जांच कराई जा रही है और जांच रिपोर्ट के आधार पर आगे की कार्रवाई होगी।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार घटना सुबह की बताई जा रही है। आरोप है कि हेड कॉन्स्टेबल एक अन्य व्यक्ति के साथ शराब दुकान पर पहुंचा और मुफ्त में शराब की मांग की। कर्मचारियों द्वारा इनकार किए जाने पर कथित रूप से गाली-गलौज, धक्का-मुक्की और मारपीट की गई। वायरल वीडियो में पुलिसकर्मी कमर में पिस्टल लगाए दुकान के अंदर कर्मचारियों से बहस करता और मारपीट करता दिखाई दे रहा है।
इस पूरे विवाद के बीच एक और बड़ा सवाल यह भी सामने आया है कि जिस शराब दुकान पर विवाद का वीडियो वायरल हुआ, वहां देर रात तक दुकान खुली होने और कथित रूप से गतिविधियां जारी रहने की बात भी सामने आई है। यदि यह सही है तो संबंधित आबकारी विभाग की निगरानी और नियमों के पालन पर भी सवाल खड़े होते हैं। इस पहलू की भी जांच की मांग उठ रही है।
यह भी पढें:
एडिशनल डीसीपी ने कहा है कि वायरल वीडियो की जांच एसीपी स्तर के अधिकारी को सौंपी गई है। यह भी जांच की जाएगी कि संबंधित पुलिसकर्मी शराब के नशे में था या नहीं। जांच रिपोर्ट आने के बाद विभागीय और कानूनी कार्रवाई की जाएगी।इस विवाद के बाद इंदौर पुलिस पर एक बार फिर सवाल खड़े हो रहे है।