गैस पाइपलाइन ब्लास्ट में झुलसी इन्फ्लुएंसर जिनी झाला अहमदाबाद एयरलिफ्ट, HC का आदेश- इलाज का खर्च उठाए सरकार

Jini Jhala Ahmedabad Treatment: इंदौर गैस पाइपलाइन ब्लास्ट में झुलसी सोशल मीडिया इन्फ्लुएंसर जिनी झाला को हाईकोर्ट के आदेश पर बेहतर इलाज के लिए अहमदाबाद एयरलिफ्ट किया जाएगा। सरकार खर्च वहन करेगी।
Indore Gas Pipeline Blast Case:
घायल जिनी झाला (फोटो सोर्स- सोशल मीडिया)
Updated on

Indore Gas Pipeline Blast Case: इंदौर के विजयनगर गैस पाइपलाइन ब्लास्ट में गंभीर रूप से झुलसी सोशल मीडिया इन्फ्लुएंसर जिनी झाला को बेहतर इलाज के लिए अहमदाबाद एयरलिफ्ट किया जाएगा। मध्य प्रदेश हाईकोर्ट की इंदौर पीठ ने निर्देश दिया है कि जिनी का इलाज अहमदाबाद के जायडस हॉस्पिटल में कराया जाए और उनके इलाज का पूरा खर्च राज्य सरकार वहन करेगी। यह आदेश अधिवक्ता रितेश ईनानी द्वारा दायर जनहित याचिका पर सुनवाई के दौरान दिया गया।

अहमदाबाद रवाना होने से पहले अस्पताल के बाहर मीडिया से बातचीत में जिनी झाला ने कहा कि बिना किसी गलती के उन्हें इस दर्दनाक हादसे का सामना करना पड़ा। उन्होंने मांग की है कि इस घटना के लिए जिम्मेदार लोगों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाए, ताकि भविष्य में ऐसी लापरवाही दोबारा न हो।

बोरिंग के दौरान गैस पाइपलाइन में ब्लास्ट

जिनी झाला ने आरोप लगाया कि इलाके में पार्षद की ओर से कराई जा रही बोरिंग के दौरान गैस पाइपलाइन क्षतिग्रस्त हो गई, जिसके बाद जोरदार विस्फोट हुआ। उनका कहना है कि मौके पर न तो बैरिकेडिंग की गई थी और न ही किसी तरह के सुरक्षा इंतजाम थे। उन्होंने नगर निगम और संबंधित विभागों के बीच समन्वय की कमी को भी हादसे की बड़ी वजह बताया।

आईपैड, कैमरा, माइक और अन्य सामान जला

उन्होंने बताया कि हादसे में उनका हाथ और शरीर का अन्य हिस्सा गंभीर रूप से झुलस गया है। एक सोशल मीडिया कंटेंट क्रिएटर होने के कारण उनका ऑन-कैमरा करियर भी प्रभावित हुआ है और डॉक्टरों के अनुसार अगले कई महीनों तक वह सामान्य रूप से काम नहीं कर पाएंगी। ब्लास्ट में उनका आईपैड, कैमरा, माइक सहित अन्य महंगे इलेक्ट्रॉनिक उपकरण भी पूरी तरह जल गए।

अहमदाबाद में होगी प्लास्टिक सर्जरी

इंदौर हाईकोर्ट के आदेश के बाद अब जिनी को प्लास्टिक सर्जरी और विशेष उपचार के लिए अहमदाबाद भेजा जा रहा है। फिलहाल उनकी प्राथमिकता जल्द स्वस्थ होकर सामान्य जीवन में लौटने की है, जबकि पूरे मामले में हादसे की जिम्मेदारी तय करने और दोषियों पर कार्रवाई की मांग भी लगातार उठ रही है।

Navbharat Live
navbharatlive.com