

Indore Investment Fraud Case: क्राइम ब्रांच इंदौर ने मॉर्टगेज फ्लैटों का विक्रय और व्यापार में निवेश के नाम पर लाखों रुपये की धोखाधड़ी करने वाले शातिर आरोपी कपिल सोमानी को गिरफ्तार किया है। आरोपी ने एक व्यक्ति से कुल 56.40 लाख रुपये लेकर न तो फ्लैट की रजिस्ट्री कराई और न ही निवेश की राशि लौटाई।
पुलिस के अनुसार संचार नगर निवासी दिनेश कुमार जैन ने पुलिस उपायुक्त अपराध कार्यालय में लिखित शिकायत दर्ज कराई थी। शिकायत में उन्होंने आरोप लगाया था कि कपिल सोमानी ने उन्हें फ्लैट बेचने और व्यापार में निवेश पर भारी मुनाफा दिलाने का झांसा देकर लाखों रुपये हड़प लिए। जांच के दौरान अनुबंध दस्तावेजों, बैंक स्टेटमेंट और दोनों पक्षों के बयान दर्ज किए गए।
जांच में सामने आया कि सिलिकॉन सिटी स्थित वाणी एन्कलेव के दो फ्लैट पहले से ही एक वित्तीय संस्था में मॉर्टगेज थे। इसके बावजूद आरोपी ने वर्ष 2024 में इन फ्लैटों का विक्रय अनुबंध कर आवेदक से 20 लाख रुपये प्राप्त कर लिए। इसके अलावा बिजलपुर स्थित शुभम रेसीडेंसी के एक अन्य फ्लैट का सौदा कर 15.90 लाख रुपये और वसूल लिए। कुल 35.90 लाख रुपये लेने के बावजूद फ्लैटों की रजिस्ट्री नहीं कराई गई।
पुलिस जांच में यह भी सामने आया कि आरोपी ने अपनी फर्म सोमानी ट्रेडर्स के माध्यम से लहसुन और प्याज के थोक व्यापार में निवेश करने पर राशि ढाई से तीन गुना करने का लालच दिया। इस बहाने उसने आवेदक से 20.50 लाख रुपये बैंक ट्रांसफर और अन्य राशि नकद प्राप्त कर ली। न तो कोई लाभांश दिया गया और न ही मूल राशि वापस की गई।
यह भी पढें:
उपलब्ध साक्ष्यों के आधार पर थाना क्राइम ब्रांच इंदौर में आरोपी कपिल सोमानी निवासी बिजलपुर के खिलाफ बीएनएस की धारा में मामला दर्ज किया गया है। पुलिस आरोपी से पूछताछ कर अन्य संभावित पीड़ितों और वित्तीय लेन-देन की जांच कर रही है।