

Highlights:
इंदौर में कांग्रेस आंदोलन के दौरान पार्षद राजू भदौरिया को लात मारने के मामले में सियासत तेज।
कांग्रेस ने युवक को भाजपा कार्यकर्ता बताते हुए लगाए थे गंभीर आरोप।
अब भाजपा ने युवक हिमांशु पाटीदार की तस्वीरें शेयर करते हुए जीतू पटवारी से पूछे सवाल।
Indore Councillor Raju Bhadauria Kick Video Controversy : इंदौर में कांग्रेस के आंदोलन के दौरान पार्षद राजू भदौरिया उन्हें लात मारने का वीडियो सामने आने के बाद शुरू हुआ सियासी विवाद अब नया मोड़ लेता दिखाई दे रहा है। घटना के वक्त कांग्रेस नेताओं ने आरोप लगाया था कि पार्षद के साथ मारपीट करने वाला युवक भाजपा का कार्यकर्ता है और भाजपा किसान आंदोलन में अराजकता फैलाने की कोशिश कर रही है।
अब भाजपा के प्रदेश प्रवक्ता ने इस मामले में तस्वीरें जारी करते हुए युवक को कांग्रेस से जुड़ा और प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष जीतू पटवारी का समर्थक बताया है। भाजपा ने सवाल उठाया है कि आखिर कांग्रेस के ही आंदोलन में कांग्रेस के पार्षद के साथ मारपीट करने वाला युवक कौन है, भाजपा ने इस पूरे मामले में जीतू पटवारी से जवाब मांगा है।
इंदौर के फूटी कोठी सब्जी मंडी विवाद के दौरान जब कांग्रेस पार्षद राजू भदौरिया को पुलिस गिरफ्तार कर रही थी उसी दौरान एक युवक कांग्रेस पार्षद को लात मारता दिखाई दे रहा था। बाद में युवक की पहचान हिमांशु पाटीदार के रूप में हुई थी। हालांकि इस मामले में युवक ने वीडियो जारी कर माफी मांगी थी, लेकिन कांग्रेस ने उसे बीजेपी का कार्यकर्ता बताते हुए आंदोलन में आराजकता फैलाने के आरोप लगाए थे।
अब भाजपा के प्रदेश प्रवक्ता राकेश सिंह यादव ने सोशल मीडिया पर पोस्ट करते हुए इस पूरे मामले में कांग्रेस को घेरा है। उन्होंने कुछ तस्वीरें जारी कर दावा किया है कि पार्षद राजू भदौरिया के साथ मारपीट करने वाला हिमांशु पाटीदार कांग्रेस का सक्रिय कार्यकर्ता है और वह जीतू पटवारी का समर्थक है। भाजपा प्रवक्ता ने सवाल उठाया है कि जब मारपीट करने वाला व्यक्ति कांग्रेस से जुड़ा बताया जा रहा है, तो फिर इस घटना के लिए भाजपा को जिम्मेदार क्यों ठहराया गया?
भाजपा प्रवक्ता ने अपनी पोस्ट के जरिए प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष जीतू पटवारी से तीन सवालों के जवाब मांगे हैं। पहला हिमांशु पाटीदार का कांग्रेस से क्या संबंध है? दूसरा कांग्रेस पार्षद के साथ मारपीट करने वाले व्यक्ति के खिलाफ पार्टी क्या कार्रवाई करेगी? और तीसरा भाजपा को बदनाम करने के लिए लगाए गए आरोपों की सच्चाई जनता के सामने कब रखी जाएगी? पूरे मामले को भाजपा ने कांग्रेस की अंदरूनी कलह बताते हुए पार्टी नेतृत्व को घेरने की कोशिश की है।