

Highlights:
दिवाली के बाद इंदौर में वायु प्रदूषण को लेकर बहस तेज।
शहर का AQI 500 के पार पहुंचने का दावा।
महापौर पुष्यमित्र भार्गव ने वीडियो जारी कर दी प्रतिक्रिया।
बोले- एक दिन प्रदूषण बढ़ने से इंदौर की पहचान नहीं बदलेगी।
Indore Diwali Smoke Sparks Pollution Debate : देश के सबसे स्वच्छ शहर इंदौर में दीपावली की आतिशबाजी के बाद हवा की गुणवत्ता बेहद खराब हो गई। शहर का एयर क्वालिटी इंडेक्स 500 के पार पहुंचने के बाद प्रदूषण को लेकर चर्चा तेज हो गई है और इस पर अब राजनितिक बहस भी शुरू हो गई है।
इंदौर के प्रदूषण पर महापौर पुष्यमित्र भार्गव ने वीडियो जारी कर कहा है कि सिर्फ एक दिन के प्रदूषण से इंदौर की पहचान नहीं बदलने वाली है। इंदौर हमेशा से स्वच्छता में नम्बर वन था और आगे भी रहेगा।
दिवाली के बाद बढ़े प्रदूषण और पर्यावरण प्रेमियों की ओर से उठाए जा रहे सवालों पर महापौर पुष्यमित्र भार्गव ने अपनी प्रतिक्रिया दी। उन्होंने दीप पर्व की शुभकामनाएं देते हुए कहा कि इंदौर में दिवाली का उत्साह और आनंद देखने को मिला। कुछ पर्यावरण प्रेमियों को इससे परेशानी हो रही है, लेकिन दिवाली रोशनी, पटाखों और उत्सव का त्योहार है।
महापौर ने कहा कि पूरे शहर ने उत्साह के साथ दिवाली मनाई। धुएं और नमी के कारण कुछ समय के लिए शहर का AQI जरूर बढ़ा, लेकिन नगर निगम की टीम, वॉटर कैनन और सफाई मित्रों ने रात 3 बजे उठकर शहर की सफाई की। धूल और धुएं के असर को कम करने के लिए भी प्रयास किए गए। उन्होंने कहा कि त्योहार मनाने और पटाखे फोड़ने के कारण यदि एक दिन के लिए AQI बढ़ भी गया, तो इससे इंदौर की पहचान पर कोई फर्क नहीं पड़ेगा। शहर स्वच्छता और एयर क्वालिटी इंडेक्स दोनों में हमेशा नंबर वन रहने वाला है।
महापौर पुष्यमित्र भार्गव ने तथाकथित पर्यावरण प्रेमियों पर निशाना साधते हुए कहा कि सनातन के उत्सव को हमेशा अलग नजरिए से देखने का प्रयास नहीं करना चाहिए। दिवाली सभी को जोड़ने, एक साथ उत्सव मनाने और आनंद लेने का त्योहार है। उन्होंने विश्वास जताया कि इंदौर अपनी स्वच्छता की पहचान कायम रखेगा। महापौर ने कहा, 'इंदौर हमेशा नंबर वन था, है और रहेगा।'
दिवाली के बाद बढ़ा AQI इंदौर के लिए एक नई चुनौती के रूप में सामने आया है। स्वच्छता में लगातार शीर्ष स्थान हासिल करने वाले शहर में अब वायु प्रदूषण को नियंत्रित करना भी अहम है। हालांकि इंदौर नगर निगम ने तत्काल सफाई और पानी के छिड़काव की कार्रवाई की है, लेकिन हवा की गुणवत्ता में सुधार के लिए लगातार निगरानी और प्रभावी कदम उठाने की जरूरत बनी हुई है।