इंदौर में 5.69 करोड़ की एम्फेटामाइन जब्त, थार की स्टेपनी में छिपाए थे 21 पैकेट, 3 तस्कर गिरफ्तार

Indore Drug Smuggling : इंदौर में DRI और CBN की संयुक्त कार्रवाई में थार की स्टेपनी से 7.116 किलो एम्फेटामाइन बरामद हुई। करीब 5.69 करोड़ की ड्रग्स जब्ती के मामले में तीन आरोपी गिरफ्तार किए गए।
DRI and CBN team seize 7.116 kg amphetamine hidden inside the spare tire of a Mahindra Thar
इंदौर DRO ने जब्त की एम्फेटामाइनफोटो सोर्स- नवभारत
Published on: 
Updated on: 

Indore Amphetamine Seizure : इंदौर में डायरेक्टोरेट ऑफ रेवेन्यू इंटेलिजेंस (DRI) और केंद्रीय नारकोटिक्स ब्यूरो (CBN) ने संयुक्त कार्रवाई करते हुए ड्रग तस्करी के एक मामले का खुलासा किया है। टीम ने महिंद्रा थार से 7.116 किलो एम्फेटामाइन बरामद किया है। जब्त ड्रग की अनुमानित कीमत करीब 5.69 करोड़ रुपये बताई गई है। मामले में थार सवार तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है।

डीआरआई को सूचना मिली थी कि तीन लोग कर्नाटक नंबर की महिंद्रा थार से साइकोट्रोपिक पदार्थ एम्फेटामाइन लेकर जा रहे हैं। सूचना के आधार पर 30 सितंबर की सुबह डीआरआई और सीबीएन की टीम ने उज्जैन-देवास टोल प्लाजा, बांगर के पास निगरानी शुरू की। कुछ देर बाद संदिग्ध थार टोल प्लाजा पहुंची। टीम ने वाहन को रोकने का प्रयास किया, लेकिन चालक बैरिकेड तोड़कर मौके से भाग निकला।

डेढ़ घंटे तक पीछा, बिचौली मर्दाना में पकड़ी गई थार

थार के भागने के बाद इंदौर डीआरआई और सीबीएन की टीम ने उसका पीछा शुरू किया। करीब डेढ़ घंटे तक पीछा करने के बाद टीम ने इंदौर के बिचौली मर्दाना इलाके में एक पेट्रोल पंप के पास वाहन को रोक लिया। थार में सवार तीनों लोगों को हिरासत में लिया गया और वाहन को इंदौर स्थित कार्यालय लाया गया। यहां वाहन की विस्तृत तलाशी शुरू की गई।

स्टेपनी के अंदर छिपाई थी करोड़ों की ड्रग्स

वाहन की तलाशी के दौरान अधिकारियों को एम्फेटामाइन छिपाने का तरीका पता चला। ड्रग को थार के पिछले हिस्से में लगी स्टेपनी यानी स्पेयर टायर के अंदर छिपाकर रखा गया था। अधिकारियों ने स्टेपनी को खोलकर जांच की तो उसके अंदर 21 पैकेट मिले। इन पैकेटों में सफेद-पीले रंग का क्रिस्टलीय पदार्थ भरा हुआ था।

फील्ड टेस्ट में एम्फेटामाइन की पुष्टि

बरामद पदार्थ की एनडीपीएस फील्ड टेस्ट किट से जांच की गई। जांच में पदार्थ के एम्फेटामाइन होने की पुष्टि हुई। इसके बाद अधिकारियों ने कुल 7.116 किलो एम्फेटामाइन जब्त किया। जब्त पदार्थ की अनुमानित कीमत करीब 5.69 करोड़ रुपये बताई गई है। इसके अलावा तस्करी में इस्तेमाल की जा रही महिंद्रा थार को भी जब्त कर लिया गया है।

DRI and CBN team seize 7.116 kg amphetamine hidden inside the spare tire of a Mahindra Thar
EXCLUSIVE: भागीरथपुरा दूषित जल जांच आयोग की 112 पेज की रिपोर्ट आई सामने; नगर निगम की कार्यप्रणाली पर भी सवाल

NDPS एक्ट के तहत तीन आरोपी गिरफ्तार

डीआरआई ने मामले में थार सवार तीनों आरोपियों को एनडीपीएस एक्ट, 1985 के प्रावधानों के तहत गिरफ्तार किया है। अब एजेंसी यह पता लगाने में जुटी है कि इतनी बड़ी मात्रा में एम्फेटामाइन कहां से लाई गई थी और इसे इंदौर या अन्य स्थानों पर किसे सप्लाई किया जाना था। मामले में आगे की जांच जारी है।

Navbharat Live: Hindi News
navbharatlive.com