

House Listing Block Survey: इंदौर में जनगणना के तहत आज से हाउस लिस्टिंग ब्लॉक सर्वे की शुरुआत हो गई है। इसके तहत अब प्रगणक और सुपरवाइजर घर-घर जाकर जानकारी एकत्रित करेंगे। ये सर्वे आगामी एक महीने तक चलेगा। कलेक्टर ने लोगों से सर्वे के दौरान सही जानकारी देने की अपील की है।
प्रदेश में सेल्फ इन्युमरेशन खत्म हो गया है और अब हाउस लिस्टिंग ब्लॉक सर्वे शुरू हो गया है। एक महीने तक चलने वाले इस सर्वे के तहत प्रगणक और सुपरवाइजर घर-घर तक पहुंचेंगे और जानकारी इकट्ठा करेंगे। इसके लिए प्रगणक और सुपरवाइजर्स को स्पेशल ट्रेनिंग भी दी गई है। हाउस लिस्टिंग ब्लॉक सर्वे जनगणना निदेशालय के निर्देशानुसार संचालित किया जा रहा है।
सर्वे को लेकर कलेक्टर शिवम वर्मा ने बताया कि सर्वे के लिए सभी तैयारियां पूरी कर ली गई हैं। चार्ज ऑफिसर्स की वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के जरिए विस्तृत ब्रीफिंग की गई है और प्रगणकों व सुपरवाइजर्स का प्रशिक्षण भी पूरा हो चुका है। इंदौर में 41 अधिकारियों के साथ एक टीम का गठन किया गया है।
सर्वे में के जरिए इकट्ठा किए गए आंकड़े देश की विभिन्न नीतियों और योजनाओं के निर्धारण में अहम भूमिका निभाएंगे। अब सर्वे टीम शहर के हर क्षेत्र में घर-घर जाकर जानकारी एकत्र करेगी, जिससे सटीक और व्यापक डेटा तैयार किया जा सके। इंदौर कलेक्टर ने नागरिकों से अपील की है कि सर्वे टीम के पहुंचने पर सही और पूर्ण जानकारी दें और सहयोग करें। साथ ही किसी भी प्रकार की अफवाहों पर ध्यान न देने की भी सलाह दी गई है।