

Indore Nigam Encroachment Removed:इंदौर के व्यस्ततम चौराहों में शामिल देवास नाका पर निर्माणाधीन 6 लेन फ्लाईओवर परियोजना को गति देने के लिए जिला प्रशासन, इंदौर नगर निगम और मध्यप्रदेश सड़क विकास निगम ने संयुक्त कार्रवाई करते हुए अतिक्रमण हटाए। फ्लाईओवर और सर्विस रोड निर्माण में बाधा बन रही दुकानों को हटाने के बाद अब परियोजना के कार्य में तेजी आने की उम्मीद है।
मध्यप्रदेश सड़क विकास निगम के संभाग इंदौर के अंतर्गत देवास नाका चौराहे पर 6 लेन फ्लाईओवर का निर्माण कार्य जारी है। परियोजना के तहत देवास नाका से मांगलिया की ओर बाईं तरफ स्थित करीब 30 से 35 दुकानों के अतिक्रमण के कारण फ्लाईओवर और सर्विस रोड का निर्माण प्रभावित हो रहा था। इससे निर्माण एजेंसियों को कार्य पूरा करने में कठिनाइयों का सामना करना पड़ रहा था।
अतिक्रमण हटाने की कार्रवाई के खिलाफ संबंधित दुकानदारों ने मध्यप्रदेश उच्च न्यायालय में रिट याचिका दायर की थी। न्यायालय ने जिला प्रशासन को निर्देश दिए थे कि दुकानदारों द्वारा प्रस्तुत आपत्तियों का परीक्षण कर नियमानुसार निर्णय लिया जाए। इसके बाद प्रशासन ने सभी पक्षों को सुनते हुए कानूनी प्रक्रिया पूरी की।
कलेक्टर शिवम वर्मा ने दुकानदारों की आपत्तियों का परीक्षण कर उनका निराकरण किया। प्रशासनिक प्रक्रिया पूरी होने के बाद अधिकांश दुकानदारों ने स्वयं अपने अतिक्रमण हटा लिए। वहीं शेष अतिक्रमणों को प्रशासन, इंदौर नगर निगम और सड़क विकास निगम की संयुक्त टीम ने हटाया।
यह भी पढें:
अधिकारियों के अनुसार अतिक्रमण हटने के बाद अब इंदौर के देवास नाका फ्लाईओवर और सर्विस रोड निर्माण कार्य में तेजी लाई जाएगी। परियोजना के पूर्ण होने से देवास नाका क्षेत्र में यातायात का दबाव कम होगा, ट्रैफिक जाम की समस्या में राहत मिलेगी और इंदौर-देवास मार्ग पर आवागमन अधिक सुगम एवं सुरक्षित हो सकेगा।