

नई दिल्ली : प्रोजेक्ट चीता के दो साल पूरे होने पर मंगलवार को केंद्रीय पर्यावरण मंत्री भूपेंद्र यादव ने इस प्रोजेक्ट की तमाम बाधाओं और उपलब्धियों को लेकर कई बातें साझा की। उन्होंने सोशल मीडिया मंच ‘एक्स' पर कहा कि प्रोजेक्ट चीता के दो साल चुनौतीपूर्ण रहे हैं, जिसमें चीतों के आवास समायोजन से लेकर शावकों का जीवन बचाने तक कई बाधाओं को सफलतापूर्वक पार किया गया। केंद्रीय मंत्री ने एक वीडियो जारी करते हुए कहा कि आने वाले दिनों में और चीते लाएं जाएंगे।
केंद्रीय मंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी द्वारा परिकल्पित यह परियोजना वैश्विक स्तर पर एक अग्रणी प्रयास है, जो लुप्तप्राय वन्यजीवों और पारिस्थितिकी तंत्र को सफलतापूर्वक बहाल किए जाने को लेकर उम्मीदों का संकेत है। बता दें कि मध्य प्रदेश के श्योपुर जिले के कूनो नेशनल पार्क में इस प्रोजेक्ट के तहत आज ही के दिन प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने अपने जन्मदिन पर नामीबिया से लाए गए 8 चीतों को पार्क में छोड़ा था। इसके बाद फरवरी 2023 में दक्षिण अफ्रीका से 12 और चीतों को लाया गया था।
प्रोजेक्ट चीता के दो साल पूरे होने पर मंगलवार को केंद्रीय मंत्री ने सोशल मीडिया मंच ‘एक्स' पर लिखा, ‘‘यह रास्ता आसान नहीं था। आवास समायोजन से लेकर जंगल में शावकों के अस्तित्व को सुनिश्चित करने तक कई चुनौतियों का सामना करना पड़ा।'' केंद्रीय मंत्री ने कहा , ‘‘आज, जब दुनिया इन चीता शावकों को उनके प्राकृतिक आवास में फलते-फूलते देख रही है, तब हम न केवल उनके जीवित रहने की खुशी मना रहे हैं, बल्कि इन बड़े प्रयासों में शामिल सभी लोगों के समर्पण का भी जश्न मना रहे हैं।'' अपनी पोस्ट में केंद्रीय पर्यावरण मंत्री ने आगे कहा कि यह हमारे पारिस्थितिकी तंत्र में संतुलन बहाल करने की शुरुआत मात्र है तथा आगे और भी कई मील के पत्थर स्थापित करने हैं।
आपको बता दें कि चीतों के पहले अंतरमहाद्वीपीय स्थानांतरण के तहत अब तक 20 चीतों को मध्य प्रदेश के कुनो राष्ट्रीय उद्यान में लाया गया है। सितंबर 2022 में नामीबिया से आठ और फरवरी 2023 में दक्षिण अफ्रीका से 12 चीतों को लाया गया था। इस प्रोजेक्ट के तहत भारत लाए जाने के बाद से अब तक 8 वयस्क चीते जिनमें तीन मादा और पांच नर हैं, मर चुके हैं। हालांकि इस प्रोजेक्ट के तहत भारत में अब तक 17 शावकों का जन्म भी हुआ है, जिनमें से 12 जीवित हैं। इससे कुनो में शावकों सहित चीतों की कुल संख्या 24 हो गई है। ‘प्रोजेक्ट चीता' के मंगलवार 17 सितंबर को दो वर्ष पूरे हो गए हैं।
(एजेंसी इनपुट के साथ)