

Masked Men Vandalize Travels Office Gwalior: ग्वालियर के झांसी रोड थाना क्षेत्र में स्थित एक ट्रेवल्स ऑफिस पर मंगलवार रात कार सवार तीन नकाबपोश युवकों ने पथराव कर दिया। घटना में ऑफिस का कांच टूट गया, जबकि अंदर रखा लैपटॉप और मोबाइल भी क्षतिग्रस्त हो गए।
राहत की बात यह रही कि उस समय ऑफिस में मौजूद बच्चों को कोई चोट नहीं आई। पुलिस ने शिकायत के आधार पर मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
जानकारी के अनुसार, चेतकपुरी इलाके में संचालित विजय गजराज ट्रेवल्स के कार्यालय पर मंगलवार रात एक सफेद रंग की कार में सवार होकर तीन युवक पहुंचे। आरोप है कि युवकों ने चेहरे ढंक रखे थे और आते ही ऑफिस को निशाना बनाकर पथराव शुरू कर दिया। अचानक हुए हमले से इलाके में अफरा-तफरी का माहौल बन गया। घटना को अंजाम देने के बाद आरोपी मौके से फरार हो गए।
पथराव के दौरान ऑफिस का मुख्य कांच बुरी तरह टूट गया। इसके अलावा कार्यालय के भीतर रखा लैपटॉप और मोबाइल भी क्षतिग्रस्त हो गए। घटना के समय कुछ बच्चे ऑफिस के अंदर मौजूद थे, लेकिन सौभाग्य से किसी को शारीरिक नुकसान नहीं पहुंचा। पीड़ित पक्ष का कहना है कि यदि पत्थर बच्चों को लग जाते तो बड़ा हादसा हो सकता था।
हमले की पूरी घटना कार्यालय के बाहर लगे सीसीटीवी कैमरों में रिकॉर्ड हो गई है। फुटेज में कार से आए नकाबपोश युवकों की गतिविधियां दिखाई दे रही हैं। ट्रेवल्स संचालिका ममता चौरासिया ने घटना की शिकायत पुलिस से की, जिसके बाद पुलिस ने साक्ष्यों के आधार पर कार्रवाई शुरू कर दी है। अधिकारियों का कहना है कि फुटेज की जांच कर आरोपियों की पहचान की जा रही है।
ग्वालियर पुलिस ने ममता चौरासिया की शिकायत पर जय गुप्ता सहित तीन आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज किया है। प्रारंभिक जांच में घटना को शहर के दो प्रमुख बस ऑपरेटर्स—विजय गजराज ट्रेवल्स और सत्यम ट्रेवल्स—के बीच लंबे समय से चल रहे विवाद से जोड़कर देखा जा रहा है। बताया जा रहा है कि एक दिन पहले दोनों पक्षों के बीच फिर विवाद हुआ था और बस के कांच तोड़े जाने के आरोप भी लगे थे। पुलिस सभी पहलुओं की जांच करते हुए फरार आरोपियों की तलाश में जुटी हुई है।