

Hindustan Lever Agency Theft Gwalior: ग्वालियर में हिंदुस्तान लीवर एजेंसी के कार्यालय से हुई करीब 18 लाख रुपये की चोरी का क्राइम ब्रांच और जनकगंज थाना पुलिस ने खुलासा कर दिया है। पुलिस ने एक विधि विरुद्ध बालक सहित पांच आरोपियों को पकड़ा है।
आरोपियों के कब्जे और उनकी निशानदेही पर पुलिस ने चोरी की रकम में से 15 लाख 40 हजार रुपये नकद बरामद किए हैं। पुलिस के अनुसार, चोरी की वारदात जीवाजीगंज स्थित एजेंसी कार्यालय में हुई थी।
फरियादी संजय कुमार बंसल ने ग्वालियर पुलिस को बताया कि उनके कार्यालय के ड्रॉअर में करीब 18 लाख रुपये नकद और एक चांदी का सिक्का रखा था। 9 अगस्त की रात कार्यालय बंद कर वह घर चले गए थे। इसी दौरान पड़ोसी ने कार्यालय से संदिग्ध आवाज आने की सूचना दी, लेकिन मौके पर पहुंचने पर ताले सही सलामत मिले। अगले दिन सुबह कार्यालय पहुंचने पर ताला टूटा मिला। अंदर जाकर देखा तो ड्रॉअर में रखी नकदी और चांदी का सिक्का गायब था। इसके बाद जनकगंज थाने में शिकायत दर्ज कराई गई।
मामले की गंभीरता को देखते हुए वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक धर्मवीर सिंह के निर्देश पर क्राइम ब्रांच, जनकगंज थाना पुलिस, तकनीकी सेल और सीसीटीवी टीम को जांच में लगाया गया। पुलिस ने घटनास्थल और आसपास के इलाकों में लगे सीसीटीवी कैमरों के फुटेज खंगाले। साथ ही मुखबिर तंत्र को भी सक्रिय किया गया। जांच के दौरान पुलिस ने भारत उर्फ भूरा जाटव और जितेंद्र उर्फ टिक्की उर्फ जीतू को हिरासत में लेकर पूछताछ की। पूछताछ में दोनों ने अपने साथियों के साथ मिलकर चोरी करना स्वीकार किया।
आरोपियों से पूछताछ के बाद पुलिस ने उनकी निशानदेही पर अलग-अलग स्थानों से चोरी की रकम बरामद की। इसके बाद जोगेंद्र जाटव को लक्ष्मीगंज से और विवेक यादव को ललितपुर से गिरफ्तार किया गया। पुलिस ने एक विधि विरुद्ध बालक को भी अभिरक्षा में लिया है। आरोपियों के कब्जे से कुल 15 लाख 40 हजार रुपये नकद बरामद हुए हैं। चोरी की रकम में से शेष राशि और चांदी के सिक्के के संबंध में पुलिस आरोपियों से पूछताछ कर रही है। पुलिस अब यह भी पता लगाने में जुटी है कि वारदात में अन्य कोई व्यक्ति शामिल था या नहीं।