ग्वालियर में 3 साल के मासूम के अपहरण का खुलासा, बच्चा 24 घंटे में सकुशल बरामद, पुलिस गिरफ्त में आरोपी
Gwalior Crime News : ग्वालियर के डबरा से अगवा 3 वर्षीय मासूम को पुलिस ने 24 घंटे में शिवपुरी के नरवर से सकुशल बरामद कर लिया। पुलिस गिरफ्तार आरोपी से पूछताछ कर रही है।
- Reported By: निशांत तिवारी | Edited By: प्रीतेश जैन
पुलिस ने बच्चे को सकुशल बचाया (फोटो सोर्स- नवभारत)
Gwalior Child Kidnap Case: ग्वालियर पुलिस ने डबरा से अगवा किए गए तीन वर्षीय मासूम को 24 घंटे के अंदर सकुशल बरामद कर बड़ी सफलता हासिल की है। पुलिस ने इस मामले में आरोपी को गिरफ्तार कर वारदात में इस्तेमाल की गई बाइक भी बरामद कर ली है। मासूम को सुरक्षित पाकर परिजनों ने राहत की सांस ली। थाने पहुंचने पर मां ने अपने बच्चे को कलेजे से लगा लिया और भावुक होकर फूट-फूटकर रो पड़ी। मां की ममता का यह दृश्य देखकर थाने में मौजूद पुलिसकर्मी भी भावुक हो गए।
जानकारी के अनुसार डबरा सिटी थाना क्षेत्र के ग्राम कर्रा दफाई निवासी लक्ष्मी आदिवासी का तीन वर्षीय बेटा टिंकू बुधवार दोपहर घर के बाहर खेलते समय अचानक लापता हो गया था। घटना के समय उसकी मां घर में सो रही थी। काफी देर तक बच्चा दिखाई नहीं दिया तो परिजनों ने आसपास तलाश शुरू की।
पुलिस को दी लापता होने की सूचना
इसी दौरान पड़ोस में रहने वाले एक बच्चे ने बताया कि मोहल्ले में रहने वाला करिया उर्फ होतम प्रजापति टिंकू को बाइक पर बैठाकर ले जाते हुए दिखाई दिया था। इसके बाद परिजनों ने तत्काल डबरा सिटी थाने पहुंचकर पुलिस को सूचना दी। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ मासूम को अगवा करने का मामला दर्ज कर जांच शुरू की।
सम्बंधित ख़बरें
“नीचे गिरे हैं पैसे…”का झांसा देकर कार से उड़ाया लाखों के गहनों व नकदी का बैग; नागपुर में शातिर गिरोह सक्रिय
बुरहानपुर में बड़ी कार्रवाई: गुड हॉस्पिटल सील, 20 बेड के अस्पताल में चल रहा था 350 मरीजों का इलाज
भाई नाना पर पुलिस की कार्रवाई को लेकर जीतू पटवारी ने की प्रेस कॉन्फ्रेंस, कहा- सत्ता का दुरुपयोग कर रही सरकार
नागपुर में प्रेम विवाह का खूनी विरोध: बातचीत के बहाने बुलाकर दामाद पर पत्थरों से जानलेवा हमला
मासूम को ढूंढने के लिए गठित कीं 10 टीमें
मामले की गंभीरता को देखते हुए वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक धर्मवीर सिंह और अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक ग्रामीण जयराज कुबेर मौके पर पहुंचे। एसएसपी के निर्देश पर मासूम की तलाश के लिए दस पुलिस टीमें गठित की गईं। पुलिस ने तकनीकी साक्ष्यों और मुखबिर तंत्र के आधार पर पूरी रात तलाश अभियान चलाया। जांच के दौरान पुलिस को आरोपी की पहचान हो गई थी। पुलिस ने आरोपी पर दबाव बनाने के लिए उसके परिजनों और रिश्तेदारों से भी पूछताछ की। गुरुवार सुबह पुलिस को सूचना मिली कि आरोपी होतम मासूम के साथ शिवपुरी जिले के नरवर थाना क्षेत्र के ग्राम बिलौनी में देखा गया है।
ये भी पढ़ें : सेशन जज तबस्सुम खान को धमकी मामले में HC सख्त, DGP ने पेश किया हलफनामा, सुरक्षा उपलब्ध कराने की दी जानकारी
घेराबंदी कर बच्चे को बरामद किया
सूचना मिलते ही पुलिस टीम ने घेराबंदी कर ईंट भट्टे के पास से मासूम को सकुशल बरामद कर लिया और आरोपी को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने वारदात में इस्तेमाल बाइक भी जब्त कर ली है। पुलिस के अनुसार आरोपी ईंट भट्टे पर मजदूरी करता है और बिलौनी गांव के लोगों से परिचित है। प्रारंभिक पूछताछ में सामने आया है कि आरोपी शराब पीने का आदी है। हालांकि मासूम को अगवा करने की वास्तविक वजह अभी स्पष्ट नहीं हुई है। डबरा सिटी थाना पुलिस आरोपी से पूछताछ कर घटना के पीछे के कारणों का पता लगाने में जुटी है।
