

Gwalior Congress protest against Rahul Gandhi FIR: ग्वालियर में देश के गृहमंत्री अमित शाह के इस्तीफे की मांग को लेकर कांग्रेस ने बड़ा प्रदर्शन किया। कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने गांधी उद्यान में धरना देकर केंद्र और भाजपा सरकार के खिलाफ जमकर नारेबाजी की। यह प्रदर्शन कांग्रेस नेता राहुल गांधी के खिलाफ उत्तराखंड में दर्ज की गई एफआईआर के विरोध में किया गया।
कांग्रेस का आरोप है कि बीते दिनों हल्द्वानी में कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे की आमसभा के बाद कथित तौर पर भाजपा कार्यकर्ताओं द्वारा सभा स्थल के शुद्धिकरण का मामला सामने आया था। कांग्रेस ने इसे दलित समाज और पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे के अपमान से जोड़ते हुए भाजपा पर निशाना साधा।
कांग्रेस नेताओं का कहना है कि राहुल गांधी ने इसी मामले को लेकर भाजपा की कथित दलित विरोधी मानसिकता पर सवाल खड़े किए थे। कांग्रेस के मुताबिक, इसके बाद उत्तराखंड सरकार द्वारा राहुल गांधी के खिलाफ एफआईआर दर्ज कर दी गई। इसी के विरोध में कांग्रेस ने मंगलवार को ग्वालियर के गांधी उद्यान में दो घंटे का धरना प्रदर्शन किया।
प्रदर्शन के दौरान कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने केंद्र सरकार और भाजपा के खिलाफ नारेबाजी करते हुए गृहमंत्री अमित शाह के इस्तीफे की मांग की। कांग्रेस नेताओं ने आरोप लगाया कि भाजपा सरकार विपक्ष की आवाज को दबाने का प्रयास कर रही है और दलित समाज के सम्मान से जुड़े मुद्दे उठाने पर कांग्रेस नेताओं को निशाना बनाया जा रहा है।
कांग्रेस जिलाध्यक्ष सुरेंद्र यादव ने कहा कि दलित समाज के अपमान के मुद्दे पर राहुल गांधी ने भाजपा से सवाल किया था, लेकिन उत्तराखंड सरकार ने उनके खिलाफ ही एफआईआर दर्ज कर दी। उन्होंने कहा कि कांग्रेस इस कार्रवाई को लोकतांत्रिक आवाज दबाने की कोशिश मानती है।
सुरेंद्र यादव ने कहा कि आज कांग्रेस ने दो घंटे का धरना देकर अपना विरोध दर्ज कराया है। उन्होंने चेतावनी दी कि भाजपा की कथित दलित विरोधी मानसिकता के खिलाफ कांग्रेस पार्टी आगे भी आंदोलन जारी रखेगी। उन्होंने कहा कि जब तक देश के गृहमंत्री अमित शाह इस्तीफा नहीं देते, तब तक कांग्रेस इससे भी बड़े आंदोलन करेगी। धरना प्रदर्शन के दौरान बड़ी संख्या में कांग्रेस पदाधिकारी और कार्यकर्ता मौजूद रहे। प्रदर्शन को लेकर गांधी उद्यान के आसपास पुलिस बल भी तैनात रहा।