ग्वालियर के आंतरी गांव में रहस्यमयी आग से दहशत, एक ही परिवार के पांच घरों में बार-बार जल रहा सामान

Antri Village Fire : ग्वालियर के आंतरी गांव में एक ही परिवार के पांच भाइयों के घरों में रहस्यमयी तरीके से बार-बार आग लगने से दहशत फैल गई है। प्रशासन ने फॉरेंसिक जांच शुरू कर दी है।
Gwalior Mysterious Fire
परेशान परिवार (फोटो सोर्स- नवभारत)
Updated on

Gwalior Mysterious Fire : ग्वालियर से 30 किमी दूर आंतरी गांव में आग का ऐसा रहस्य सामने आया है, जिसने पूरे गांव की नींद उड़ा दी है। यहां एक ही परिवार के पांच भाइयों के घरों में बीते कई दिनों से बिना किसी कारण के आग लग रही है। कपड़े, बिस्तर और खाने का सामान खुद-ब-खुद जल जा रहा है। डर के चलते पूरा परिवार अब घरों के बाहर खुले आसमान के नीचे सोने को मजबूर है।

ग्रामीणों ने अंधविश्वास के चलते तांत्रिकों को भी बुलाया, लेकिन वह भी आग का कारण नहीं बता पाए। सूचना पर प्रशासन के आला अधिकारी मौके पर पहुंचे। सुरक्षा के लिए पानी से भरा टैंकर तैनात कर दिया गया है और फायर ब्रिगेड को अलर्ट पर रखा गया है। अब प्रशासन वैज्ञानिक तरीके से आग लगने के कारणों की जांच कर रहा है।

पांचों भाइयों के घरों में लगी आग

दअरसल घटना ग्वालियर जिले से करीब 30 किलोमीटर दूर स्थित आंतरी गांव की है। यहां रहने वाले पांच भाई कल्याण सिंह बघेल, सेवाराम बघेल, कामता प्रसाद बघेल, महेंद्र बघेल और लक्षीराम बघेल के घरों में बीते कई दिनों से रहस्यमयी आग लग रही है। सबसे पहले कल्याण सिंह के घर में कपड़े और बिस्तर में अचानक आग लग गई। कुछ देर बाद दूसरे भाई सेवाराम के घर में रखे खाने का सामान जलने लगा।

खुले में सोने को मजबूर परिवार

देखते ही देखते पांचों भाइयों के घर आग की चपेट में आ चुके हैं। परिवार का कहना है कि घर में न कोई शॉर्ट सर्किट हुआ, न चूल्हा जल रहा है फिर भी अचानक सामान में आग लग रही है। आग इतनी अचानक लगती है कि बुझाने का मौका भी नहीं मिलता। डर के मारे परिवार के लोग अब रात भर जागते हैं। घर के अंदर सोना खतरे से खाली नहीं है इसलिए सभी सदस्य घर के बाहर खुले में सो रहे हैं।

गांव में दहशत का माहौल

सबसे हैरान करने वाली बात ये है कि अगर अपना सामान पड़ोसी के घर रख दिया जाए तो वहां भी वही सामान जल जाता है। गांव में इस रहस्यमयी आग से दहशत का माहौल है। अंधविश्वास के चलते ग्रामीणों ने इसे भूत-प्रेत या जादू-टोने का असर मान लिया है। इसके चलते गांव में कई तांत्रिकों को बुलाया गया। तांत्रिकों ने पूजा-पाठ और टोटके भी किए, लेकिन आग लगने का असली कारण कोई नहीं बता पाया। लोग अब अपने घरों की सुरक्षा को लेकर भी चिंतित हो गए हैं।

अलर्ट पर फायर ब्रिगेड

आग की सूचना मिलते ही प्रशासनिक अधिकारी मौके पर पहुंचे। हालात को देखते हुए एहतियात के तौर पर गांव में पानी से भरा टैंकर खड़ा कर दिया गया है। फायर ब्रिगेड की टीम को भी स्टैंडबाय पर रखा गया है ताकि आग फैलने पर तुरंत काबू पाया जा सके। ग्रामीणों ने भी आग बुझाने के लिए अपने-अपने घरों में बर्तनों में पानी भरकर रख लिया है।

कराई जाएगी फॉरेंसिक जांच

ग्वालियर प्रशासन का कहना है कि मामले की गंभीरता को देखते हुए बिजली विभाग और फॉरेंसिक टीम से जांच कराई जाएगी। अधिकारियों का मानना है कि शॉर्ट सर्किट, किसी रासायनिक प्रतिक्रिया या किसी और वैज्ञानिक कारण से आग लग सकती है। फॉरेंसिक टीम घटनास्थल से सैंपल लेगी और बिजली के तारों की भी जांच होगी।

Navbharat Live
navbharatlive.com