डिंडौरी में शिक्षा व्यवस्था की बदहाल तस्वीर, जर्जर स्कूल भवन के चलते राशन दुकान में लग रही बच्चों की क्लास
Dindori Education News : डिंडौरी के ग्राम खुरपार में जर्जर स्कूल भवन के कारण पिछले दो वर्षों से कक्षा 6वीं से 8वीं तक के छात्र राशन दुकान में पढ़ाई कर रहे हैं। बच्चों ने नए स्कूल भवन की मांग की है।
- Reported By: दीपक ताम्रकार | Edited By: प्रीतेश जैन
राशन दुकान में पढ़ने को मजबूर बच्चे (फोटो सोर्स- नवभारत)
Dindori School Building News: डिंडौरी जिले के विकासखंड अंतर्गत ग्राम खुरपार से शिक्षा व्यवस्था की चिंताजनक तस्वीर सामने आई है। यहां एकीकृत माध्यमिक शाला का भवन जर्जर होने के कारण पिछले 2 सालों से कक्षा 6वीं से 8वीं तक के छात्र-छात्राएं शासकीय उचित मूल्य दुकान (राशन दुकान) में पढ़ाई करने को मजबूर हैं। स्कूल भवन की हालत इतनी खराब हो चुकी है कि बच्चों की सुरक्षा को देखते हुए नियमित कक्षाएं स्कूल के बजाय राशन दुकान में संचालित की जा रही हैं। विद्यार्थियों और ग्रामीणों ने शासन-प्रशासन से जल्द नए स्कूल भवन के निर्माण की मांग की है।
जानकारी के अनुसार, स्कूल भवन की छत से लगातार प्लास्टर गिरने लगा था। इससे कभी भी बड़ा हादसा होने की आशंका बनी हुई थी। बच्चों की सुरक्षा को प्राथमिकता देते हुए स्कूल के प्रधानाध्यापक गुलपत सिंह कुंजाम ने शासकीय उचित मूल्य दुकान के संचालक से भवन के दो कमरे कक्षाओं के संचालन के लिए उपलब्ध कराने का अनुरोध किया। संचालक ने शिक्षा के महत्व को देखते हुए अपने भवन के दो कमरे स्कूल को उपलब्ध करा दिए, जिसके बाद से वहीं पढ़ाई कराई जा रही है।
बरामदे में बैठकर पढ़ने को मजबूर आठवीं के छात्र
वर्तमान में कक्षा 6वीं और 7वीं के विद्यार्थियों की पढ़ाई राशन दुकान के दो कमरों में हो रही है, जबकि कक्षा 8वीं के छात्र-छात्राओं को चैनल गेट वाले बरामदे में बैठकर पढ़ाई करनी पड़ रही है। राशन दुकान के अन्य कमरों में सार्वजनिक वितरण प्रणाली (पीडीएस) का खाद्यान्न रखा हुआ है। पढ़ाई प्रभावित न हो, इसके लिए राशन वितरण का दिन भी बदलकर रविवार कर दिया गया है, ताकि बच्चों की कक्षाएं नियमित रूप से संचालित हो सकें।
सम्बंधित ख़बरें
UCC पर सियासत तेज: उमंग सिंघार का भाजपा सरकार पर हमला, बोले- जनता के मुद्दों से ध्यान भटका रही सरकार
MP कांग्रेस अध्यक्ष जीतू पटवारी का मुख्यमंत्री मोहन यादव को खुला पत्र, प्रदेश में बढ़ती बेरोजगारी पर उठाए सवाल
पति को कैंसर हुआ तो पत्नी ने तलाक लिए बिना ही कर ली दूसरी शादी, विरोध पर कहा- तुम तो मर जाओगे मेरा क्या होगा?
‘दूसरी सरकारों ने सिर्फ झोलियां भरीं’… संजना सिंह का बड़ा हमला, दतिया की जनता से किया खास वादा-VIDEO
ये भी पढ़ें : उज्जैन पहुंचे अभिनेता कार्तिक आर्यन, बाबा महाकाल की शयन आरती में हुए शामिल, दर्शन-पूजन कर लिया आशीर्वाद
सुरक्षित स्कूल भवन की मांग
छात्र-छात्राओं का कहना है कि वे भी अन्य स्कूलों की तरह सुरक्षित और बेहतर वातावरण में पढ़ाई करना चाहते हैं। उनका कहना है कि जर्जर भवन के कारण उन्हें कई तरह की परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। बच्चों ने शासन और प्रशासन से जल्द नए स्कूल भवन के निर्माण की मांग की है, ताकि उन्हें सुरक्षित माहौल में गुणवत्तापूर्ण शिक्षा मिल सके। ग्रामीणों का भी कहना है कि शिक्षा जैसी मूलभूत सुविधा के लिए बच्चों को राशन दुकान में पढ़ाई करने के लिए मजबूर होना पड़ रहा है, जो व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े करता है।
