Highlights :
डिंडोरी के सरई माल गांव में दर्दनाक हादसा।
गोवर्धन पूजा के दौरान जलाशय में नहाने गई थीं तीन बच्चियां।
दो बच्चियों की डूबने से मौत, तीसरी ने बचाई जान।
मृत बच्चियों की उम्र करीब 9 और 10 वर्ष बताई गई।
Dindori Girls Drowning Accident : एमपी के आदिवासी बहुल डिंडोरी जिले में गोवर्धन पूजा के दिन एक दर्दनाक हादसा हो गया। शहपुरा थाना क्षेत्र के ग्राम सरई माल में गांव के जलाशय में नहाने गईं तीन बच्चियों में से दो की डूबने से मौत हो गई जबकि तीसरी बच्ची किसी तरह अपनी जान बचाकर बाहर निकलने में सफल रही। घटना के बाद पूरे गांव में शोक का माहौल है।
जानकारी के अनुसार सरई माल गांव की तीन बच्चियां गोवर्धन पूजा के दौरान गांव के बड़े जलाशय में नहाने गई थीं। तीनों की उम्र करीब 9, 10 और 11 वर्ष बताई जा रही है। इसी दौरान वे गहरे पानी में चली गईं और डूबने लगीं। इनमें से एक बच्ची किसी तरह जलाशय से बाहर निकल आई लेकिन बाकी दो को बचाया नहीं जा सका।
शहपुरा एसडीओपी अजय तिवारी के मुताबिक राजनंदिनी परस्ते,प्रीति परस्ते और धनेश्वरी गोलिया गांव से लगभग एक किलोमीटर दूर सरई बांध में नहाने गई थी जब बच्चियां तैरते हुए गहरे पानी में चली गई तो डूबने लगी किसी तरह से राजनंदिनी परस्ते जैसे तैसे तैरकर किनारे पहुंची और दौड़कर गांव वालों को सूचना दी गांव वाले पहुंचे और बच्चियों को खोजना शुरू किया। वही सूचना पर पहुंची शहपुरा पुलिस ने भी दो घंटे तक रेस्क्यू अभियान चलाया तब जाकर बच्चियों के शव बरामद हुए।
घटना की सूचना मिलने पर शहपुरा पुलिस सरई माल गांव पहुंची। एमपी पुलिस ने दोनों बच्चियों के शव जलाशय से बाहर निकलवाए और पंचनामा कार्रवाई की। पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिए गए। पुलिस मामले की जांच कर रही है।
डिंडोरी जिले के इस हादसे के बाद सरई माल गांव में मातम पसरा हुआ है। बच्चियों की असमय मौत से परिवारों पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है। परिजनों का रो रोकर बुरा हाल है। गोवर्धन पूजा के दिन हुई इस घटना ने पूरे गांव को गमगीन कर दिया।