

Dindori Health Department Action: डिंडौरी जिले में स्वास्थ्य सेवाओं की गुणवत्ता सुनिश्चित करने के लिए प्रशासन ने लापरवाही बरतने वाले स्वास्थ्यकर्मियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई शुरू कर दी है। कलेक्टर अंजू पवन भदौरिया के निर्देश पर स्वास्थ्य संस्थानों की नियमित मॉनिटरिंग के दौरान चार सामुदायिक स्वास्थ्य अधिकारियों (सीएचओ) का सात दिवस का वेतन रोकते हुए उन्हें कारण बताओ नोटिस जारी किया गया है। वहीं, एक गर्भवती महिला को समय पर स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध नहीं कराने के मामले में तीन स्वास्थ्यकर्मियों को भी नोटिस देकर चेतावनी दी गई है।
मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी (सीएमएचओ) ने बताया कि बुधवार, 1 जुलाई 2026 को सार्थक ऐप के माध्यम से जिले के आयुष्मान आरोग्य मंदिरों एवं उपस्वास्थ्य केन्द्रों की ऑनलाइन समीक्षा की गई। निरीक्षण के दौरान आयुष्मान आरोग्य मंदिर फुलवाही की सीएचओ वर्षा देवी ठाकुर, पड़रिया माल की सीएचओ हीना बानो, केवलारी की सीएचओ पूनम मैदा तथा खाम्हामाल की सीएचओ निधि कोलारे की निर्धारित समय पर ऐप पर उपस्थिति दर्ज नहीं मिली। साथ ही यह भी पाया गया कि उन्होंने निर्धारित कार्यस्थल से उपस्थिति दर्ज नहीं की।
प्रकरण को गंभीरता से लेते हुए चारों सीएचओ को कारण बताओ नोटिस जारी किया गया है। इसके साथ ही 'नो वर्क, नो पे' के सिद्धांत के तहत उनका सात दिवस का वेतन रोकते हुए अवैतनिक अवकाश स्वीकृत किया गया है। अधिकारियों ने स्पष्ट किया कि स्वास्थ्य सेवाओं से जुड़े कर्मचारियों की नियमित उपस्थिति और जवाबदेही सुनिश्चित करना प्रशासन की प्राथमिकता है।
इसी क्रम में विकासखंड करंजिया के ग्राम सोनतीरथ स्थित उपस्वास्थ्य केन्द्र चौरादादर में एक गर्भवती महिला को समय पर आवश्यक स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध नहीं कराए जाने का मामला भी सामने आया। जांच में लापरवाही पाए जाने पर संबंधित सीएचओ करतार सिंह, एएनएम मालती मार्को तथा आशा कार्यकर्ता अहिल्याबाई को कारण बताओ नोटिस जारी कर चेतावनी दी गई है। अधिकारियों ने निर्देश दिए हैं कि भविष्य में ऐसी लापरवाही दोहराई गई तो नियमानुसार कठोर कार्रवाई की जाएगी।
सीएमएचओ ने कहा कि जिले के सभी आयुष्मान आरोग्य मंदिरों, उपस्वास्थ्य केन्द्रों एवं अन्य स्वास्थ्य संस्थानों की नियमित मॉनिटरिंग लगातार जारी रहेगी। स्वास्थ्य सेवाओं में किसी भी प्रकार की उदासीनता, अनुपस्थिति या मरीजों के प्रति लापरवाही को किसी भी स्थिति में बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। जिला प्रशासन का उद्देश्य आम नागरिकों, विशेषकर गर्भवती महिलाओं एवं जरूरतमंद मरीजों को समय पर बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध कराना है।
https://youtu.be/gwmOcpp9xdw?si=1duxjMXp5lbX0Q5C