पीथमपुर में 272 करोड़ की लियुगोंग इंडिया यूनिट का भूमिपूजन, CM मोहन यादव बोले- MP बनेगा औद्योगिक ग्रोथ इंजन

CM Mohan Yadav : पीथमपुर में CM मोहन यादव ने लियुगोंग इंडिया की 272 करोड़ रुपये की नई विनिर्माण इकाई का भूमि-पूजन किया। नई यूनिट से रोजगार, निवेश और औद्योगिक विकास को नई गति मिलेगी।
Chief Minister Mohan Yadav is set to dedicate and lay the foundation for 22 development projects worth ₹204 crore during his visit to Panna, aimed at strengthening infrastructure and public welfare
मुख्यमंत्री मोहन यादव (फोटो सोर्स- नवभारत)
Published on
Updated on

LiuGong India Pithampur Plant: मध्यप्रदेश के मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने मंगलवार को धार जिले के पीथमपुर औद्योगिक क्षेत्र में लियुगोंग इंडिया प्राइवेट लिमिटेड की 272 करोड़ रुपये की नई विनिर्माण इकाई का भूमि-पूजन किया। मुख्यमंत्री ने दीप प्रज्ज्वलित कर कार्यक्रम का शुभारंभ किया और कहा कि यह परियोजना प्रदेश के औद्योगिक विकास को नई गति देगी तथा प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के 'मेक इन इंडिया-मेक फॉर द वर्ल्ड' विजन को मजबूत करेगी।

मुख्यमंत्री ने कहा कि धार आज प्रदेश की इंडस्ट्रियल बेल्ट का ग्रोथ इंजन बन चुका है। उन्होंने राजा भोज की गौरवशाली विरासत का उल्लेख करते हुए कहा कि इस क्षेत्र में स्थापित होने वाला नया उद्योग रोजगार, निवेश और आर्थिक विकास के नए अवसर लेकर आएगा।

जीआईएस से मिले 30 लाख करोड़ के निवेश प्रस्ताव

सीएम डॉ. मोहन यादव ने कहा कि राज्य सरकार द्वारा आयोजित ग्लोबल इन्वेस्टर्स समिट (GIS) के माध्यम से मध्यप्रदेश को 30 लाख करोड़ रुपये के निवेश प्रस्ताव प्राप्त हुए, जिनमें से 10 लाख करोड़ रुपये से अधिक की परियोजनाएं धरातल पर उतर चुकी हैं। उन्होंने बताया कि केवल 1 जनवरी से 30 जून तक प्रदेश को 76,862 करोड़ रुपये से अधिक के नए निवेश प्रस्ताव मिले हैं, जिनसे करीब 82 हजार युवाओं को रोजगार मिलने की संभावना है। वहीं, 10 हजार करोड़ रुपये से अधिक का विदेशी निवेश भी मध्यप्रदेश को प्राप्त हुआ है।

पिछले 10 दिनों में कई बड़ी औद्योगिक परियोजनाओं की शुरुआत

मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रदेश में लगातार बड़े निवेश आ रहे हैं। उन्होंने हाल के दिनों में शुरू हुई प्रमुख परियोजनाओं का भी उल्लेख किया

  • 8 जुलाई : पीथमपुर में 272 करोड़ रुपये की लियुगोंग इंडिया यूनिट का भूमि-पूजन
  • 6 जुलाई : सतगढ़ी में 150 करोड़ रुपये की लागत से डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी स्मार्ट इंडस्ट्रियल पार्क का भूमि-पूजन
  • 5 जुलाई : शिवपुरी में 2,500 करोड़ रुपये की अडाणी डिफेंस यूनिट का भूमि-पूजन
  • 30 जून : उज्जैन में 1,250 करोड़ रुपये की पेप्सिको विनिर्माण इकाई का शुभारंभ
  • 29 जून : नीमच में 1,554 करोड़ रुपये की लागत से 38 नई औद्योगिक इकाइयों की शुरुआत
  • उन्होंने कहा कि सरकार केवल घोषणाएं नहीं करती, बल्कि परियोजनाओं को जमीन पर उतारने का काम करती है

नई यूनिट से दोगुनी से अधिक होगी उत्पादन क्षमता

मुख्यमंत्री ने बताया कि लियुगोंग इंडिया की वर्तमान उत्पादन क्षमता लगभग 3,250 मशीनों की है। नई यूनिट शुरू होने के बाद यह क्षमता बढ़कर 7,500 मशीन प्रतिवर्ष हो जाएगी। इससे स्थानीय स्तर पर रोजगार के नए अवसर भी सृजित होंगे।

रोजगार और रिसर्च का बनेगा नया केंद्र

लियुगोंग इंडिया के ग्लोबल वाइस चेयरमैन ल्यू गोवेन ने कहा कि पीथमपुर में स्थापित होने वाला नया विनिर्माण संयंत्र प्रदेश की औद्योगिक प्रगति में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगा। उन्होंने कहा कि यह प्लांट स्थानीय युवाओं को रोजगार देने के साथ-साथ रिसर्च एवं मशीन निर्माण का प्रमुख केंद्र भी बनेगा। वहीं, लियुगोंग इंडिया के प्रतिनिधि वरुण विजयवर्गीय ने कहा कि कंपनी वर्ष 2009 से भारत में निर्माण उपकरण तैयार कर रही है और नई यूनिट के जरिए 'मेक इन इंडिया' एवं 'आत्मनिर्भर भारत' अभियान को और मजबूती मिलेगी।

मध्यप्रदेश में निवेश का बढ़ता विश्वास

मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में भारत दुनिया का सबसे आकर्षक निवेश केंद्र बनकर उभरा है और मध्यप्रदेश भी तेजी से औद्योगिक विकास की दिशा में आगे बढ़ रहा है। उन्होंने विश्वास जताया कि आने वाले वर्षों में प्रदेश देश के प्रमुख औद्योगिक राज्यों में अपनी मजबूत पहचान स्थापित करेगा।

Navbharat Live
navbharatlive.com