

Dhar Badnawar Road Accident : धार जिले के बदनावर में रविवार दोपहर एक भीषण सड़क हादसा हो गया। पंचकवास गांव के पास उज्जैन फोरलेन पर रॉन्ग साइड से आ रहे एक ट्रॉले ने सामने से मारुति ईको वैन को जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि वैन पूरी तरह पिचक गई और उसमें सवार छह श्रद्धालुओं की मौके पर ही मौत हो गई। सभी मृतक गुजरात के वडोदरा के रहने वाले बताए जा रहे हैं और उज्जैन में महाकाल के दर्शन कर वापस गुजरात लौट रहे थे।
हादसा रविवार दोपहर करीब 1 बजे पंचकवास गांव के पास हुआ। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, ट्रॉला रॉन्ग साइड से उज्जैन की ओर जा रहा था। इसी दौरान सामने से आ रही मारुति ईको वैन से उसकी जोरदार भिड़ंत हो गई। टक्कर के बाद वैन की हालत इतनी खराब हो गई कि उसमें सवार लोग बुरी तरह फंस गए।
हादसे की सूचना मिलते ही बदनावर टीआई अमित सिंह कुशवाह और तहसीलदार सुरेश नागर मौके पर पहुंचे। स्थानीय ग्रामीणों ने भी राहत और बचाव कार्य में पुलिस की मदद की। वैन में फंसे शवों को बाहर निकालने के लिए वाहन की बॉडी को काटना पड़ा।
प्रत्यक्षदर्शी बताया कि अचानक तेज आवाज सुनाई दी। घर से बाहर निकलकर देखा तो सड़क पर भीषण दुर्घटना हो चुकी थी और वैन में कई लोग फंसे हुए थे। उन्होंने पुलिस को घटना की सूचना दी। इसके बाद पुलिस और स्थानीय लोगों ने ग्राइंडर की मदद से वैन के गेट और बॉडी को काटकर शवों को बाहर निकाला।
पुलिस के अनुसार, हादसे में शामिल ट्रॉला GJ39 DB 9248 रॉन्ग साइड से उज्जैन की ओर जा रहा था। ट्रॉले में लोहे का सामान भरा हुआ था। वहीं, मारुति ईको वैन GJ17 CK 6134 उज्जैन से गुजरात की ओर जा रही थी। हादसे के बाद ट्रॉला चालक मौके से फरार हो गया। घटना की जानकारी मिलते ही कलेक्टर राजीव रंजन मीणा, एसपी सचिन शर्मा और एडिशनल एसपी पारुल बेलापुरकर भी घटनास्थल पर पहुंचे और स्थिति का जायजा लिया।
ये भी पढ़ें : मुरैना में श्मशान घाट नहीं, बारिश में तिरपाल-टिनशेड लगाकर करना पड़ा बुजुर्ग का अंतिम संस्कार, वायरल हुआ वीडियो
कलेक्टर राजीव रंजन मीणा ने बताया कि हादसे के बाद ट्रॉला चालक मौके से भाग गया है। पुलिस ने मृतकों के परिजनों को घटना की सूचना दे दी है। सभी शवों का पंचनामा तैयार कर उन्हें बदनावर सिविल अस्पताल की मॉर्चुरी में रखवाया गया है। पुलिस अब हादसे के कारणों और फरार ट्रॉला चालक की तलाश में जुटी है।