

CM मोहन यादव ने शहीद दिलीप पुरी के पिता से फोन पर की बात।
सीएम ने परिवार को हरसंभव मदद मुहैया कराने का दिया भरोसा।
शहीद के पिता ने बहू की पोस्टिंग इंदौर रेंज में रखने की मांग।
CM Mohan Yadav Calls Dilip Puri Father: देवास के खातेगांव में कर्तव्य निवर्हन के दौरान शहीद हुए थाना प्रभारी दिलीप पुरी के परिवार से मध्य प्रदेश के सीएम डॉ मोहन यादव ने फोन पर बात की। सीएम ने शहीद के पिता ओमप्रकाश पुरी और पत्नी से बात कर कहा कि इस दुख की घड़ी में मध्य प्रदेश सरकार उनके साथ है।
साथ ही सीएम मोहन यादव ने यह आश्वासन दिया कि शहीद दिलीप पुरी के परिवार को हरसंभव मदद मुहैया कराई जाएगी। सीएम से फोन पर बातचीत के दौरान शहीद के पिता ने सरकार के सामने कुछ मांगे रखीं। जिन मांगों को पूरी करने के लिए सीएम द्वारा आश्वासन भी दिया गया है।
शहीद पुरी के पिता ओमप्रकाश ने सीएम से मांग की कि उनकी बहू की एसआई की होने वाली पदस्थापना इंदौर रेंज में ही रखी जाए, जिससे उनका परिवार साथ में रह सके। जिससे बेटी अरविंदो मेडिकल कॉलेज में अपनी पढ़ाई जारी रख सकेगी। उन्होंने बेटी की अरविंदो मेडिकल कॉलेज की फीस तथा बेटे की शिक्षा के लिए भी शासन से आर्थिक सहायता उपलब्ध कराने का आग्रह किया। मुख्यमंत्री ने इन मामलों में भी परिवार को हरसंभव मदद का भरोसा दिलाया।
पिता ने एक अन्य मांग का जिक्र करते हुए बताया कि दिलीप पुरी ने ग्राम बरमंडल के शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय में दो साल तक स्वेच्छा से निशुल्क शिक्षण कार्य किया था। इस दौरान उन्होंने विद्यार्थियों को बिना किसी शुल्क के पढ़ाया। उनके इस शैक्षणिक योगदान के सम्मान में विद्यालय परिवार की ओर से उन्हें प्रशस्ति पत्र भी प्रदान किया गया था। जिसके चलते ही ओमप्रकाश ने मांग की कि उनके पुत्र की याद में बरमंडल शासकीय विद्यालय का नामकरण शहीद दिलीप पुरी शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय के नाम पर किया जाए।
बता दें कि, खातेगांव में अवैध शराब के खिलाफ कार्रवाई करते हुए दिलीप पुरी गंभीर रूप से घायल हुए थे। उन्हें इलाज के लिए अस्पताल ले जाया गया जहां उपचार के दौरान उनकी मृत्यु हो गई। उनके बलिदान पर पूरे शहर में शोक की लहर दौड़ गई, दिलीप पुरी की अंतिम विदाई के दौरान एसपी आदित्य मिश्रा भी भावुक नजर आए।