

Highlights:
यूपी में बुआ के घर हुई चोरी का पांच महीने बाद भी खुलासा नहीं।
चोरी की गुत्थी सुलझाने पंडोखर धाम पहुंचे पुलिसकर्मी।
पंडोखर बाबा ने वारदात में तीन लोगों के शामिल होने का किया दावा।
तीन दिन पुराना वीडियो सोशल मीडिया पर हो रहा वायरल।
Pandokhar Dham UP Police Viral Video : उत्तरप्रदेश में चोरी के एक मामले चोरों तक पहुंचने में नाकाम यूपी पुलिस अर्जी लेकर मध्य प्रदेश के दतिया स्थित पंडोखर धाम पहुंच गई। मामला करीब पांच महीने पुराना बताया जा रहा है। एक व्यक्ति की बुआ के घर हुई चोरी का पुलिस अब तक पता नहीं लगा सकी है। ऐसे में चोरी की गुत्थी सुलझाने के लिए पुलिसकर्मी पंडोखर सरकार के दरबार में पहुंचे।
यहां चोरी को लेकर सवाल पूछे जाने पर पंडोखर बाबा ने तीन लोगों के वारदात में शामिल होने की बात कही। साथ ही दावा किया कि आरोपी जल्द ही पकड़े जाएंगे। इस घटनाक्रम का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है।
जानकारी के मुताबिक, उत्तर प्रदेश में एक व्यक्ति की बुआ के घर करीब पांच महीने पहले चोरी हुई थी। घटना के बाद पुलिस ने मामले की जांच शुरू की, लेकिन लंबे समय तक चोरों का कोई सुराग नहीं मिल सका। काफी समय बीतने के बाद भी चोरी का खुलासा नहीं होने पर अब यह मामला चर्चा में आ गया है। इसी सिलसिले में पुलिसकर्मी पंडोखर धाम पहुंचे थे।
सोशल मीडिया पर वायरल वीडियो में पंडोखर सरकार के दरबार का घटनाक्रम दिखाई दे रहा है। यहां चोरी की वारदात को लेकर बाबा से सवाल किया जाता है। इस पर पंडोखर बाबा कथित तौर पर बताते हैं कि चोरी की घटना में तीन लोग शामिल हैं। वे यह भी कहते नजर आते हैं कि तीनों जल्द ही पकड़े जाएंगे। बाबा के इस दावे के बाद दरबार में मौजूद लोगों के बीच भी यह मामला चर्चा का विषय बन गया।
बताया जा रहा है कि वायरल हो रहा वीडियो करीब तीन दिन पुराना है। हालांकि, अब यह सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। वीडियो सामने आने के बाद लोग इस घटनाक्रम पर अलग-अलग प्रतिक्रियाएं दे रहे हैं। खास बात यह है कि चोरी जैसे आपराधिक मामले में सुराग तलाशने के लिए पुलिस के पंडोखर धाम पहुंचने की चर्चा भी हो रही है।