दतिया: इंदरगढ़ कॉलेज में कोर्स बढ़ाने की मांग पर NSUI का प्रदर्शन, विधायक प्रदीप अग्रवाल का पुतला दहन

Datia News : दतिया के इंदरगढ़ शासकीय महाविद्यालय में नए कोर्स शुरू करने की मांग को लेकर NSUI ने प्रदर्शन किया। कार्यकर्ताओं ने विधायक प्रदीप अग्रवाल का पुतला दहन करने का प्रयास किया।
Indergarh College NSUI Protest
NSUI का प्रदर्शन (फोटो सोर्स- नवभारत)
Updated on

Indergarh College NSUI Protest: दतिया के सेवड़ा विधानसभा क्षेत्र के इंदरगढ़ स्थित शासकीय महाविद्यालय में नए कोर्स शुरू करने और शैक्षणिक अव्यवस्थाओं को लेकर एनएसयूआई (NSUI) कार्यकर्ताओं ने शुक्रवार को विरोध प्रदर्शन किया। प्रदर्शन के दौरान कार्यकर्ता ग्वालियर चौराहे पर भाजपा विधायक प्रदीप अग्रवाल का पुतला लेकर पहुंचे और उसका दहन करने का प्रयास किया। हालांकि पुलिस ने समय रहते पुतला छीन लिया और प्रदर्शनकारियों को रोक दिया। इस दौरान भाजपा विरोधी नारे लगाए गए और कई कार्यकर्ताओं को हिरासत में लिया गया।

प्रदर्शन में शामिल NSUI कार्यकर्ताओं ने आरोप लगाया कि इंदरगढ़ शासकीय महाविद्यालय में लंबे समय से नए पाठ्यक्रम (कोर्स) शुरू करने की मांग की जा रही है, लेकिन अब तक इस दिशा में कोई ठोस कदम नहीं उठाया गया। उनका कहना है कि कॉलेज में सीमित कोर्स होने के कारण क्षेत्र के छात्र-छात्राओं को उच्च शिक्षा के लिए दूसरे शहरों का रुख करना पड़ता है, जिससे उन पर आर्थिक बोझ भी बढ़ता है।

कॉलेज में नए कोर्स शुरू करने की मांग

NSUI नेता अंशुल शर्मा ने कहा कि शिक्षा विभाग और स्थानीय जनप्रतिनिधियों को कई बार ज्ञापन देकर कॉलेज में नए कोर्स शुरू करने की मांग की गई, लेकिन अब तक केवल आश्वासन ही मिले हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि विधायक प्रदीप अग्रवाल भी इस मुद्दे पर गंभीरता नहीं दिखा रहे हैं, जिसके विरोध में यह प्रदर्शन किया गया।

विधायक का पुतला जलाने की कोशिश

प्रदर्शन के दौरान कार्यकर्ताओं ने "भाजपा मुर्दाबाद" और "विधायक शर्म करो" जैसे नारे लगाए। जब कार्यकर्ताओं ने विधायक का पुतला जलाने का प्रयास किया तो मौके पर मौजूद पुलिस बल ने हस्तक्षेप कर पुतला अपने कब्जे में ले लिया। इसके बाद पुलिस ने प्रदर्शन कर रहे कई कार्यकर्ताओं को हिरासत में लेकर स्थिति को नियंत्रित किया।

NSUI ने दी चेतावनी

NSUI ने चेतावनी दी है कि यदि सात दिनों के भीतर इंदरगढ़ शासकीय महाविद्यालय में नए कोर्स शुरू करने और अन्य शैक्षणिक समस्याओं के समाधान की दिशा में कार्रवाई नहीं की गई तो आंदोलन को और व्यापक बनाया जाएगा। संगठन ने कहा कि छात्रों के हितों से जुड़े मुद्दों पर वह पीछे नहीं हटेगा और आवश्यकता पड़ने पर जिला स्तर से लेकर राज्य स्तर तक आंदोलन किया जाएगा।

https://youtu.be/IEWbxxXnN50?si=s1FyfzbtZEDDdqu1

Navbharat Live
navbharatlive.com