दतिया में सनसनीखेज वारदात: शादी समारोह में आए युवक को कार सवार बदमाशों ने गोलियों से भूना, इलाके में दहशत

Datia Crime News: दतिया में शादी समारोह में पहुंचे युवक की कार सवार बदमाशों ने ताबड़तोड़ फायरिंग कर हत्या कर दी। करीब 15 राउंड गोलियां चलने से इलाके में दहशत फैल गई। पुलिस आरोपियों को तलाश रही है।
Datia Murder Case
पीड़ित परिजन (फोटो सोर्स- नवभारत)
Published on
Updated on

Datia Murder Case: दतिया से एक बेहद चौंकाने वाली और सनसनीखेज वारदात सामने आई है। शहर की पॉश सिद्धार्थ कॉलोनी में उस वक्त हड़कंप मच गया, जब एक शादी समारोह में शामिल होने आए युवक की सरेराह बेरहमी से हत्या कर दी गई। कार में सवार होकर आए अज्ञात नकाबपोश बदमाशों ने युवक को निशाना बनाते हुए ताबड़तोड़ फायरिंग शुरू कर दी।

हमलावरों ने भीड़भाड़ वाले इलाके में करीब 15 राउंड गोलियां चलाईं। इस अंधाधुंध गोलीबारी में युवक को संभलने तक का मौका नहीं मिला और वह खून से लथपथ होकर वहीं गिर पड़ा। अचानक हुई इस भारी गोलीबारी से शादी समारोह में भगदड़ मच गई और पूरे इलाके में दहशत का माहौल बना गया।

युवक के सिर और सीने में लगीं गोलियां

जानकारी के मुताबिक इस खूनी वारदात में जान गंवाने वाले युवक की पहचान विशाल कुशवाहा के रूप में हुई है। चश्मदीदों ने बताया कि विशाल कार्यक्रम स्थल के पास मौजूद था, तभी अचानक एक तेज रफ्तार कार वहां आकर रुकी। कार से उतरे बदमाशों ने बिना कुछ देखे विशाल पर दनादन फायरिंग शुरू कर दी। हमलावरों ने मुख्य रूप से उसके सिर और सीने को निशाना बनाया, जिससे उसे बचने का कोई रास्ता नहीं मिला। घटना को अंजाम देने के बाद आरोपी अपनी कार से हवा में हथियार लहराते हुए मौके से फरार हो गए।

अस्पताल पहुंचने से पहले ही मौत

घायल विशाल को स्थानीय लोगों और परिजनों की मदद से तुरंत गंभीर हालत में जिला अस्पताल ले जाया गया। हालांकि, अस्पताल पहुंचने पर डॉक्टरों ने स्वास्थ्य परीक्षण के बाद उसे मृत घोषित कर दिया। डॉक्टरों के मुताबिक, अत्यधिक खून बहने और महत्वपूर्ण अंगों में गोली लगने के कारण उसकी मौके पर ही मौत हो चुकी थी।

पुरानी रंजिश का हो सकता है मामला

हत्याकांड की सूचना मिलते ही कोतवाली थाना पुलिस और पुलिस के आला अधिकारी भारी बल के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस ने शव को पोस्टमॉर्टम के लिए भिजवाकर घटनास्थल को सील कर दिया है। फिलहाल हत्या के कारणों का खुलासा नहीं हो सका है, लेकिन पुलिस इसे पुरानी रंजिश और आपसी विवाद से जोड़कर देख रही है।

CCTV फुटेज खंगाल रही पुलिस

वारदात के बाद पूरे दतिया शहर और जिला सीमा पर भारी पुलिस बल तैनात कर दिया गया है। कोतवाली पुलिस ने अज्ञात बदमाशों के खिलाफ हत्या का मामला दर्ज कर लिया है। दतिया पुलिस अधिकारियों का कहना है कि आरोपियों की धरपकड़ के लिए अलग-अलग टीमें गठित की गई हैं और शहर के सभी निकास द्वारों पर सख्त नाकेबंदी कर चेकिंग चलाई जा रही है। इसके साथ ही पुलिस घटनास्थल और उसके आसपास के रास्तों पर लगे सीसीटीवी फुटेज खंगाल रही है ताकि हमलावरों की कार के नंबर और उनकी पहचान का सुराग लगाया जा सके।

Navbharat Live: Hindi News
navbharatlive.com