

Datia Congress Protest: कांग्रेस की राज्यसभा उम्मीदवार मीनाक्षी नटराजन का नामांकन पत्र निरस्त किए जाने के विरोध में जिला कांग्रेस कमेटी ने उपवास धरना आयोजित किया। भीषण गर्मी और करीब 44 डिग्री सेल्सियस तापमान के बीच कांग्रेस नेताओं और कार्यकर्ताओं ने गांधी पार्क, किला चौक पर धरना देकर विरोध प्रदर्शन किया।
यह कार्यक्रम प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष जीतू पटवारी के निर्देश पर जिला कांग्रेस अध्यक्ष अशोक दांगी बगदा के नेतृत्व में आयोजित किया गया। धरने में बड़ी संख्या में कांग्रेस पदाधिकारी, कार्यकर्ता और समर्थक शामिल हुए। प्रदर्शनकारियों ने आरोप लगाया कि राज्यसभा चुनाव में कांग्रेस उम्मीदवार मीनाक्षी नटराजन का नामांकन पत्र राजनीतिक दबाव और षड्यंत्र के तहत खारिज किया गया है, जो लोकतांत्रिक मूल्यों के खिलाफ है।
धरने को संबोधित करते हुए जिला कांग्रेस अध्यक्ष अशोक दांगी बगदा ने कहा कि प्रदेश में लोकतांत्रिक संस्थाओं को कमजोर करने का प्रयास किया जा रहा है। उन्होंने आरोप लगाया कि भाजपा सरकार विपक्ष की आवाज को दबाने और चुनावी प्रक्रिया को प्रभावित करने के लिए विभिन्न हथकंडे अपना रही है। उन्होंने कहा कि राज्यसभा चुनाव में कांग्रेस उम्मीदवार का नामांकन रद्द किया जाना लोकतंत्र की भावना के विपरीत है।
अशोक दांगी ने कहा कि एक ओर भाजपा सरकार स्वयं को महिला हितैषी बताती है, वहीं दूसरी ओर कांग्रेस की महिला उम्मीदवार मीनाक्षी नटराजन का नामांकन निरस्त किए जाने पर संतोष प्रकट किया जा रहा है। इससे सरकार की कथनी और करनी का अंतर साफ दिखाई देता है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस इस मुद्दे को लेकर लगातार संघर्ष करेगी और लोकतांत्रिक अधिकारों की रक्षा के लिए हर स्तर पर आवाज उठाएगी।
धरने के दौरान कांग्रेस नेताओं ने केंद्र और मध्य प्रदेश सरकार पर लोकतांत्रिक प्रक्रियाओं को प्रभावित करने के आरोप भी लगाए। वक्ताओं ने कहा कि देश में लोकतंत्र और संविधान की रक्षा के लिए जनता को जागरूक होने की आवश्यकता है। उन्होंने कार्यकर्ताओं से संगठन को मजबूत करने और जनहित के मुद्दों पर संघर्ष जारी रखने का आह्वान किया। उपवास धरने के समापन पर कांग्रेस नेताओं ने कहा कि पार्टी इस मामले को लेकर आगे भी आंदोलन जारी रखेगी और लोकतांत्रिक मूल्यों की रक्षा के लिए हर संभव प्रयास करेगी। कार्यक्रम शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न हुआ।