दतिया उपचुनाव: मतदाताओं में उत्साह, सड़क की मांग पर गांव में वोट बहिष्कार; कांग्रेस-भाजपा ने ठोकी जीत की ताल

Datia By Election: दतिया उपचुनाव में 291 केंद्रों पर मतदान जारी, 'सड़क नहीं तो वोट नहीं' की जिद पर अड़े लखनपुर के ग्रामीणों को SDM ने मनाया, कांग्रेस और भाजपा प्रत्याशियों ने किया जीत का दावा।
Both the BJP and Congress expressed confidence in their victory as polling continued in the high-profile Datia Assembly by-election
दतिया उपचुनाव (सोर्स- एआई जनरेटेड इमेज)
Updated on

Datia By Election Witnesses Enthusiastic Voting: दतिया विधानसभा उपचुनाव के लिए गुरुवार सुबह 7 बजे से मतदान शांतिपूर्ण माहौल में जारी है। जिलेभर के मतदान केंद्रों पर सुबह से ही मतदाताओं की लंबी कतारें देखने को मिलीं। ग्रामीण क्षेत्रों में भी लोगों ने बढ़-चढ़कर मतदान में हिस्सा लिया। निर्वाचन आयोग के अनुसार मतदान शाम 6 बजे तक चलेगा।

जिले के 291 मतदान केंद्रों पर कुल 2 लाख 20 हजार 400 मतदाता अपने मताधिकार का प्रयोग कर रहे हैं। मतदान को स्वतंत्र, निष्पक्ष और शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न कराने के लिए सुरक्षा के व्यापक इंतजाम किए गए हैं।

बसई के लखनपुर में सड़क की मांग पर मतदान का बहिष्कार

मतदान के बीच बसई क्षेत्र के लखनपुर गांव में ग्रामीणों ने मुख्य सड़क निर्माण की मांग को लेकर मतदान का बहिष्कार कर दिया। ग्रामीणों ने "सड़क नहीं तो वोट नहीं" के नारे लगाते हुए मतदान से दूरी बनाई। मामले की जानकारी मिलते ही एसडीएम अशोक अवस्थी मौके पर पहुंचे और ग्रामीणों से चर्चा कर उन्हें मतदान के लिए समझाया। प्रशासन के आश्वासन के बाद करीब 50 ग्रामीण मतदान केंद्र पहुंचे और अपने मताधिकार का प्रयोग किया। इसके बाद गांव में मतदान की प्रक्रिया सामान्य हो गई।

कांग्रेस और भाजपा प्रत्याशियों ने किया जीत का दावा

कांग्रेस प्रत्याशी घनश्याम सिंह ने मतदान करने के बाद अपनी जीत का भरोसा जताया। उन्होंने कहा कि दतिया की जनता भाजपा के अहंकार का जवाब मतदान के जरिए देगी और कांग्रेस ऐतिहासिक जीत दर्ज करेगी। उन्होंने बसई क्षेत्र में कांग्रेस के पोलिंग एजेंट को बूथ में प्रवेश नहीं देने का आरोप भी लगाया। वहीं भाजपा प्रत्याशी आशुतोष तिवारी ने मतदान से पहले पीतांबरा पीठ पहुंचकर पूजा-अर्चना की। उन्होंने दतिया के विकास, युवाओं को रोजगार और भयमुक्त वातावरण की कामना की। इसके बाद उन्होंने मतदान केंद्र क्रमांक-158 पहुंचकर मतदान प्रक्रिया का जायजा लिया और पोलिंग एजेंटों से मुलाकात की। तिवारी ने दावा किया कि जनता का भरपूर समर्थन भाजपा को मिल रहा है।

प्रशासन ने कहा- सभी केंद्रों पर शांतिपूर्ण ढंग से शुरू हुआ मतदान

मतदान प्रक्रिया पर प्रशासन लगातार नजर बनाए हुए है। अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक मंजीत सिंह चावला ने कई संवेदनशील मतदान केंद्रों का निरीक्षण कर सुरक्षा व्यवस्था का जायजा लिया। वहीं कलेक्टर एवं जिला निर्वाचन अधिकारी स्वप्निल वानखेड़े ने बताया कि जिले के सभी 291 मतदान केंद्रों पर निर्धारित समय पर मतदान शांतिपूर्ण और व्यवस्थित ढंग से शुरू हुआ। उन्होंने कहा कि प्रशासन की प्राथमिकता निष्पक्ष और पारदर्शी मतदान सुनिश्चित करना है तथा सभी केंद्रों पर पर्याप्त सुरक्षा बल तैनात किए गए हैं।

https://youtu.be/Wsq2HAE3Wsg?si=CwdPefTJv3sdb07U

Navbharat Live
navbharatlive.com