दतिया उपचुनाव: नरोत्तम मिश्रा बोले- 20 हजार से जीतेगी BJP, जीतू पटवारी ने कहा- 25 हजार मतों से जीतेगी कांग्रेस

Datia By Election : दतिया उपचुनाव में जुबानी जंग तेज हो गई है। नरोत्तम मिश्रा ने BJP की 20 हजार वोटों से जीत का दावा किया, जबकि जीतू पटवारी ने कांग्रेस की 25 हजार वोटों से जीत की बात कही है।
Datia Election News
तुलसी सिलावट के साथ नरोत्तम मिश्रा और जीतू पटवारी (फोटो सोर्स- नवभारत)
Updated on

Datia Election News: दतिया विधानसभा उपचुनाव में मतदान की तारीख नजदीक आते ही चुनावी मुकाबला और दिलचस्प होता जा रहा है। भारतीय जनता पार्टी और कांग्रेस के बीच प्रचार अभियान के साथ-साथ जीत के दावों की भी जंग तेज हो गई है। एक ओर पूर्व गृहमंत्री डॉ. नरोत्तम मिश्रा ने भाजपा की 20 हजार वोटों से जीत का दावा किया है, तो दूसरी ओर कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष जीतू पटवारी ने कांग्रेस की 25 हजार वोटों से जीत का भरोसा जताया है।

वहीं जल संसाधन मंत्री तुलसीराम सिलावट ने भी भाजपा के पक्ष में माहौल बनाते हुए कहा कि पार्टी इतनी बड़ी जीत दर्ज करे कि कांग्रेस की जमानत तक जब्त हो जाए।

नरोत्तम मिश्रा बोले- भाजपा 20 हजार वोटों से जीतेगी

पूर्व गृहमंत्री डॉ. नरोत्तम मिश्रा ने दावा किया कि दतिया की जनता भारतीय जनता पार्टी के विकास कार्यों पर भरोसा जताएगी और भाजपा प्रत्याशी आशुतोष तिवारी 20 हजार से अधिक मतों के अंतर से जीत दर्ज करेंगे। उनका कहना है कि प्रदेश और केंद्र सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ जनता तक पहुंचा है और इसका असर चुनाव परिणाम में दिखाई देगा।

जीतू पटवारी का पलटवार, कांग्रेस की बड़ी जीत का दावा

वहीं कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष जीतू पटवारी ने भाजपा के दावे को खारिज करते हुए कहा कि दतिया की जनता बदलाव चाहती है। उन्होंने दावा किया कि कांग्रेस इस उपचुनाव में 25 हजार वोटों से जीत हासिल करेगी। पटवारी का कहना है कि जनता महंगाई, बेरोजगारी और स्थानीय मुद्दों को लेकर सरकार से नाराज है और इसका जवाब मतदान के जरिए देगी।

तुलसी ने कांग्रेस की जमानत जब्त कराने की अपील

इधर, जल संसाधन मंत्री तुलसीराम सिलावट ने भाजपा प्रत्याशी आशुतोष तिवारी के समर्थन में दतिया के विभिन्न क्षेत्रों में जनसंपर्क और नुक्कड़ सभाएं कर भाजपा के पक्ष में मतदान की अपील की। सिलावट ने कहा कि यह चुनाव केवल एक प्रत्याशी का नहीं, बल्कि दतिया के विकास, विश्वास और भाजपा कार्यकर्ताओं के सम्मान का चुनाव है। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के विकसित भारत के संकल्प और मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव के नेतृत्व में प्रदेश लगातार विकास के रास्ते पर आगे बढ़ रहा है।

विकासकार्यों का किया उल्लेख

सिलावट ने पूर्व गृहमंत्री डॉ. नरोत्तम मिश्रा के कार्यकाल में हुए विकास कार्यों का उल्लेख करते हुए कहा कि भाजपा ने दतिया में विकास की मजबूत नींव रखी है और आगे भी यह सिलसिला जारी रहेगा। उन्होंने मतदाताओं से 30 जुलाई को कमल के फूल के निशान पर मतदान कर भाजपा प्रत्याशी आशुतोष तिवारी को रिकॉर्ड मतों से विजयी बनाने की अपील की। साथ ही उन्होंने कहा कि भाजपा की जीत इतनी बड़ी होनी चाहिए कि कांग्रेस की जमानत तक जब्त हो जाए।

3 अगस्त को होगा दावों का फैसला

दतिया उपचुनाव में भाजपा और कांग्रेस दोनों ने पूरी ताकत झोंक दी है। लगातार जनसभाएं, कार्यकर्ता बैठकें और जनसंपर्क अभियान चलाए जा रहे हैं। अब दोनों दलों के नेताओं के बड़े-बड़े दावों के बीच नजरें 30 जुलाई को होने वाले मतदान और 3 अगस्त को आने वाले नतीजों पर टिकी हैं। तभी यह साफ होगा कि दतिया की जनता किस दल के पक्ष में अपना जनादेश देती है।

Navbharat Live
navbharatlive.com