

Model Code of Conduct Datia: दतिया विधानसभा उप निर्वाचन 2026 की घोषणा के साथ ही जिले में आदर्श आचार संहिता प्रभावी हो गई है। चुनाव आयोग के निर्देशानुसार जिला प्रशासन ने निर्वाचन प्रक्रिया को निष्पक्ष, शांतिपूर्ण और पारदर्शी तरीके से संपन्न कराने के लिए तैयारियां तेज कर दी हैं।
कलेक्टर एवं जिला निर्वाचन अधिकारी स्वप्निल वानखेड़े ने प्रेस कॉन्फ्रेंस के माध्यम से चुनावी व्यवस्थाओं, प्रशासनिक तैयारियों और कानूनी प्रावधानों की विस्तृत जानकारी दी। उन्होंने कहा कि निर्वाचन आयोग के सभी दिशा-निर्देशों का सख्ती से पालन कराया जाएगा और किसी भी प्रकार की लापरवाही या आचार संहिता उल्लंघन पर तत्काल कार्रवाई की जाएगी।
कलेक्ट्रेट सभागार में आयोजित प्रेस कॉन्फ्रेंस में कलेक्टर स्वप्निल वानखेड़े ने बताया कि भारतीय निर्वाचन आयोग द्वारा जारी कार्यक्रम के अनुसार दतिया विधानसभा उपचुनाव कराया जाएगा। चुनाव की घोषणा के साथ ही पूरे विधानसभा क्षेत्र में आदर्श आचार संहिता लागू हो चुकी है। प्रशासनिक अमला पूरी तरह सतर्क है और सभी विभागों को आयोग के दिशा-निर्देशों का पालन सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए हैं।
जिला निर्वाचन अधिकारी ने बताया कि दतिया विधानसभा क्षेत्र में कुल लगभग 2 लाख 20 हजार मतदाता पंजीकृत हैं। इनमें करीब 1 लाख 16 हजार पुरुष और 1 लाख 4 हजार महिला मतदाता शामिल हैं। मतदान प्रक्रिया को सुचारु रूप से संपन्न कराने के लिए विधानसभा क्षेत्र में कुल 291 मतदान केंद्र बनाए गए हैं। वहीं, सोनाली राजपूत को दतिया विधानसभा का रिटर्निंग ऑफिसर नियुक्त किया गया है, जो निर्वाचन प्रक्रिया की निगरानी करेंगी।
चुनाव से संबंधित ईवीएम मशीनों की सुरक्षा और चुनाव सामग्री के वितरण एवं वापसी के लिए पॉलिटेक्निक कॉलेज परिसर में स्ट्रांग रूम बनाया गया है। प्रशासन ने सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किए हैं ताकि मतदान प्रक्रिया पूरी तरह पारदर्शी और सुरक्षित रहे। निर्वाचन से जुड़े सभी कार्य आयोग की निर्धारित समय-सीमा के अनुसार संपन्न किए जाएंगे।
कलेक्टर ने बताया कि जिलेभर में सरकारी और सार्वजनिक संपत्तियों पर लगे पोस्टर, बैनर और अन्य प्रचार सामग्री हटाने की कार्रवाई शुरू कर दी गई है। राजनीतिक दलों, संभावित प्रत्याशियों, मतदाताओं, मीडिया संस्थानों और सोशल मीडिया उपयोगकर्ताओं से आदर्श आचार संहिता का पालन करने की अपील की गई है।
प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि सोशल मीडिया पर भ्रामक, आपत्तिजनक या चुनाव को प्रभावित करने वाली किसी भी पोस्ट पर कड़ी निगरानी रखी जाएगी और नियमों का उल्लंघन करने वालों के विरुद्ध नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।
https://youtu.be/oxUFdreyflo?si=3UUQSimLlE7ikgiE