दतिया उपचुनाव: जीत के दावों पर दामोदर यादव का पलटवार, बोले- 'मुंगेरीलाल के सपने छोड़ें, जनता बदलाव चाहती है'

Datia By Election: दतिया उपचुनाव में आजाद समाज पार्टी के प्रत्याशी दामोदर यादव ने भाजपा और कांग्रेस के जीत के दावों पर पलटवार किया। उन्होंने कहा कि जनता बदलाव चाहती है और उनकी पार्टी की जीत तय है।
Damodar Yadav Statement
दामोदर यादव (फोटो सोर्स- नवभारत)
Updated on

Damodar Yadav Statement: दतिया विधानसभा उपचुनाव में चुनावी बयानबाजी लगातार तेज होती जा रही है। भाजपा और कांग्रेस के बीच जीत के दावों के बाद अब आजाद समाज पार्टी (ASP) के प्रत्याशी दामोदर यादव ने दोनों दलों पर निशाना साधा है। उन्होंने कहा कि भाजपा और कांग्रेस के नेता केवल बड़े-बड़े दावे कर रहे हैं, जबकि दतिया की जनता बदलाव का मन बना चुकी है।

दामोदर यादव ने भाजपा के वरिष्ठ नेता एवं पूर्व गृहमंत्री डॉ. नरोत्तम मिश्रा के उस बयान पर प्रतिक्रिया दी, जिसमें उन्होंने भाजपा की 20 हजार से अधिक वोटों से जीत का दावा किया था। साथ ही उन्होंने कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष जीतू पटवारी के 25 हजार वोटों से कांग्रेस की जीत के दावे को भी खारिज किया।

मुंगेरीलाल के सपने देखना छोड़ दें

नवभारत से बात करते हुए आजाद समाज पार्टी के प्रत्याशी दामोदर यादव ने कहा कि दोनों दलों के नेता "मुंगेरीलाल के सपने" देखना छोड़ दें। जनता अब पारंपरिक राजनीति से आगे बढ़कर नया विकल्प तलाश रही है। उन्होंने दावा किया कि  इस बार दतिया का मतदाता बदलाव के मूड में है और उनकी पार्टी को व्यापक जनसमर्थन मिल रहा है। उन्होंने कहा कि पार्टी केवल चुनाव लड़ने के लिए मैदान में नहीं है, बल्कि जीत हासिल करने के लक्ष्य के साथ चुनाव लड़ रही है।दामोदर यादव ने विश्वास जताया कि आजाद समाज पार्टी दतिया उपचुनाव में मजबूत प्रदर्शन करेगी और बड़ी जीत दर्ज करेगी।

तीनों दलों के बीच रोचक मुकाबला

दतिया विधानसभा उपचुनाव में भाजपा, कांग्रेस और आजाद समाज पार्टी के बीच मुकाबला लगातार दिलचस्प होता जा रहा है। सभी राजनीतिक दल जनसभाओं, रोड शो और जनसंपर्क अभियानों के माध्यम से मतदाताओं तक पहुंचने में जुटे हैं।

अंतिम चरण में चुनावी प्रचार

अब चुनावी प्रचार के अंतिम चरण में नेताओं के दावों और जवाबी हमलों के बीच मतदाताओं की भूमिका सबसे महत्वपूर्ण मानी जा रही है। दतिया विधानसभा सीट पर 30 जुलाई को मतदान होगा, जबकि 3 अगस्त को मतगणना के बाद चुनाव परिणाम घोषित किए जाएंगे।

Navbharat Live
navbharatlive.com