

Husband Kills Wife And Three Children Damoh: मध्य प्रदेश के दमोह जिले में शनिवार सुबह एक दर्दनाक घटना सामने आई है। मगरोन थाना क्षेत्र के कबीरपुर गांव में एक ही परिवार के चार लोगों की हत्या कर दी गई। शुरुआती जानकारी के अनुसार, आरोपी ने अपनी पत्नी और तीन मासूम बच्चों पर धारदार हथियार से हमला किया, जिससे चारों की मौके पर ही मौत हो गई।
घटना के बाद पूरे गांव में सनसनी फैल गई है। पुलिस और वरिष्ठ अधिकारी मौके पर पहुंचकर मामले की जांच में जुट गए हैं।
पुलिस के अनुसार, घटना शनिवार सुबह करीब 4 बजे की है। प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि द्वारका पटेल नामक व्यक्ति ने अपनी पत्नी खेमा बाई (27), बेटी उर्मिला (7), बेटे उमेश (4) और एक वर्षीय पुत्र राजा पर धारदार हथियार से हमला कर दिया। हमले में चारों की मौत हो गई। वारदात को अंजाम देने के बाद आरोपी मौके से फरार हो गया। घटना की जानकारी मिलते ही मगरोन थाना पुलिस तत्काल गांव पहुंची और जांच शुरू की।
घटना की गंभीरता को देखते हुए दमोह पुलिस अधीक्षक आनंद कलादगी भी घटनास्थल पर पहुंचे। वहीं सागर संभाग से आईजी, डीआईजी और फॉरेंसिक साइंस लैब (एफएसएल) की टीम को भी जांच के लिए बुलाया गया है। पुलिस अधिकारियों ने बताया कि घटनास्थल से महत्वपूर्ण साक्ष्य जुटाए जा रहे हैं। एफएसएल टीम वैज्ञानिक तरीके से जांच कर घटना के कारणों और परिस्थितियों का पता लगाने का प्रयास करेगी।
प्रारंभिक जांच में यह बात भी सामने आई है कि करीब छह महीने पहले परिवार में विवाद हुआ था। उस समय मृतका खेमा बाई ने मगरोन थाने में शिकायत दर्ज कराई थी। पुलिस अब उस शिकायत और उससे जुड़े रिकॉर्ड की भी जांच कर रही है। अधिकारियों का मानना है कि पुराने विवाद का इस घटना से संबंध हो सकता है, हालांकि इसकी पुष्टि जांच पूरी होने के बाद ही हो सकेगी।
फिलहाल दमोह पुलिस आरोपी की तलाश में जुटी हुई है और संभावित ठिकानों पर दबिश दी जा रही है। गांव और आसपास के क्षेत्र में पूछताछ कर जानकारी जुटाई जा रही है। पुलिस ने इलाके को सुरक्षा घेरे में लेकर जांच तेज कर दी है। अधिकारियों का कहना है कि एफएसएल रिपोर्ट, साक्ष्यों और पूछताछ के आधार पर ही घटना के पीछे की वास्तविक वजह स्पष्ट हो सकेगी।