CM मोहन यादव ने डायल 112 का किया शुभारंभ, सभी आपातकालीन सेवाएं अब एक नंबर पर

Madhya Pradesh News: मुख्यमंत्री मोहन यादव ने मध्य प्रदेश में डायल 112 सेवा की शुरुआत की है। सीएम ने कहा कि डायल 112 सेवा की समाज की व्यवस्थाओं में पुलिस की अहम भूमिका है।
CM मोहन यादव ने डायल 112 का किया शुभारंभ, सभी आपातकालीन सेवाएं अब एक नंबर पर
मुख्यमंत्री मोहन यादव (सौजन्य सोशल मीडिया)
Published on
Updated on

Dial 112 Service Launched In Madhya Pradesh : गुरूवार को मध्यप्रदेश के मुख्यमंत्री मोहन यादव ने मध्य प्रदेश में डायल 112 सेवा की शुरुआत की। यह ऐसी सेवा है जो आपातकालीन परिस्थितियों में जरूरतमंद की हर तरह की मदद कराएगी। राजधानी भोपाल में डायल 112 सेवा की शुरुआत करते हुए मुख्यमंत्री मोहन यादव ने कहा कि समाज की व्यवस्थाओं में पुलिस की अहम भूमिका है।

सीएम मोहन यादव ने कहा कि डायल 112 पुलिस की तत्परता बढ़ाने की नई पहल है यह आपातकालीन नंबर सुरक्षित समाज के ईको सिस्टम का आधार बनेगा। यह नंबर प्रदेशवासियों के लिए पुलिस की ओर से त्वरित प्रतिक्रिया का वादा और सहायता की जिम्मेदारी सिद्ध होगा। आज मिनिमम गवर्मेंट, मैक्सिमम गवर्नेंस का दौर है, जिसमें डायल 112, वन नंबर फॉर ऑल सर्विसेज की महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगा। पुलिस कंट्रोल रूम नई तकनीक से लैस हुए हैं। एफआरवी (फास्ट रिस्पांस व्हीकल) वाहनों को अत्याधुनिक उपकरणों से लैस किया गया है।

लॉन्च हुई डायल 112 सेवा

मुख्यमंत्री यादव ने आगे कहा, ''मध्यप्रदेश के डायल 100 के मॉडल को उत्तर प्रदेश सहित दूसरे राज्यों ने अपनाया। डायल 100 ने अपनी सजगता और दक्षता से प्रदेश में 2 लाख 23 हजार बुजुर्ग, 19 लाख से अधिक महिलाओं, 1300 नवजातों की सुरक्षा और 23 हजार गुमशुदा बच्चों को परिवार से मिलाया है। यह मध्यप्रदेश पुलिस के लिए बड़ी उपलब्धि है। आज लॉन्च हुई डायल 112 सेवा देश के विकास के साथ कदम से कदम मिलाएगी। डायल 112 सेवा नागरिकों को कई प्रकार की आपातकालीन परिस्थितियों में हर संभव सहायता उपलब्ध कराएगी। राज्य सरकार ने इन वाहनों के लिए बजट बढ़ाकर 1500 करोड़ रूपए से अधिक किया है। राज्य सरकार के लिए प्रदेशवासियों की सुरक्षा सर्वोपरि है। मध्यप्रदेश पुलिस सुरक्षा मानकों के पैमाने पर खरी उतरी है।''

सीएम मोहन यादव ने किया लोकार्पण

मुख्यमंत्री यादव ने रिमोट का बटन दबाकर डॉयल 112 वाहन का लोकार्पण किया और जिलों में भेजे जाने वाले वाहनों को झंडी दिखाई। मुख्यमंत्री यादव ने कहा कि पुलिस अपनी जान पर खेलकर संकट में लोगों की जान बचाती है। कोविड के दौर में भी पुलिसकर्मी नागरिकों की सुरक्षा और व्यवस्था बनाए रखने के लिए प्रथम पंक्ति में खड़े रहे। इस दौर में स्वास्थ्य और स्वच्छता कर्मियों द्वारा दी गई सेवाएं भी अविस्मरणीय हैं। पुलिस जवानों और अधिकारियों ने कई चुनौतीपूर्ण अवसरों पर विश्वास कायम रखा है। अवैध और गैर-कानूनी गतिविधियों में लिप्त आरोपियों के खिलाफ कार्रवाई के लिए पुलिस को राज्य शासन से पूरी छूट मिली हुई है।

 इंटीग्रेटेड हेल्पलाइन नंबर 112 से हर तरह की सहायता प्राप्त होगी

पुलिस महानिदेशक (डीजीपी) कैलाश मकवाना ने कहा कि आज डायल 112 के लोकार्पण का ऐतिहासिक दिन है। मध्यप्रदेश स्थापना दिवस 2015 के अवसर पर राज्य में डायल 100 व्यवस्था लागू की गई थी और हमारे एक हजार डायल 100 वाहनों के माध्यम से लाखों नागरिकों की सहायता की गई। मुख्यमंत्री यादव ने डायल 112 वाहनों की संख्या में 200 वाहन बढ़वाए हैं। आज कुल 1200 फर्स्ट रेस्पॉन्स व्हीकल (एफआरवी) वाहनों का फ्लैग ऑफ हो रहा है। इनमें स्कॉर्पियो और बुलेरो नियो जैसी गाड़ियां शामिल हैं। डायल 112 को अत्याधुनिक सुविधाओं के साथ लॉन्च किया जा रहा है। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के विजन के अनुरूप मध्यप्रदेश पुलिस ने इंटीग्रेटेड हेल्पलाइन नंबर 112 की शुरुआत की है, जिसे डायल करने पर नागरिकों को हर तरह की सहायता प्राप्त होगी।

(एजेंसी इनपुट के साथ)

Navbharat Live: Hindi News
navbharatlive.com