

Chhindwara Kukdikheda Waterfall : छिंदवाड़ा जिले के मोहखेड़ थाना क्षेत्र स्थित कुकड़ीखापा जलप्रपात में रविवार को अचानक जलस्तर बढ़ने से महाराष्ट्र के चार युवक चट्टानों के बीच फंस गए। जलप्रपात में पानी का बहाव तेज होने के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई। घटना का वीडियो भी सामने आया है, जिसमें चारों युवक तेज बहाव के बीच एक चट्टान पर बैठे नजर आ रहे हैं। पानी का बहाव लगातार बढ़ने के कारण उनके लिए वहां से बाहर निकलना मुश्किल हो गया था।
जानकारी के मुताबिक, चारों युवक महाराष्ट्र से कुकड़ीखापा जलप्रपात घूमने पहुंचे थे। बताया जा रहा है कि युवक फोटो खिंचवाने के लिए जलप्रपात के बीच चट्टानों तक चले गए थे। इसी दौरान अचानक पानी का जलस्तर बढ़ गया। देखते ही देखते पानी का बहाव तेज हो गया और रास्ता पूरी तरह जोखिम भरा हो गया। चारों युवक वापस लौटने की स्थिति में नहीं थे, इसलिए उन्होंने एक चट्टान पर रुककर मदद का इंतजार किया।
युवकों के फंसे होने की सूचना मिलते ही उमरानाला चौकी प्रभारी सहित पुलिस बल मौके पर पहुंचा। पुलिसकर्मियों ने घटनास्थल का जायजा लिया और युवकों की स्थिति की जानकारी ली। तेज बहाव और लगातार बढ़ते पानी को देखते हुए तत्काल रेस्क्यू टीम को बुलाया गया। इसके बाद SDERF की टीम मौके पर पहुंची और युवकों को सुरक्षित बाहर निकालने के लिए ऑपरेशन शुरू किया।
SDERF की टीम के सामने तेज बहाव के बीच चट्टानों तक पहुंचना बड़ी चुनौती थी। टीम ने सावधानीपूर्वक रेस्क्यू ऑपरेशन चलाया और करीब चार घंटे की मशक्कत के बाद चारों युवकों को सुरक्षित बाहर निकाल लिया। रेस्क्यू के बाद सभी युवकों को सुरक्षित स्थान पर लाया गया। समय रहते बचाव दल के पहुंचने से बड़ा हादसा टल गया।
घटना के बाद पुलिस ने जलप्रपात घूमने आने वाले पर्यटकों से विशेष सावधानी बरतने की अपील की है। पुलिस ने कहा कि भारी बारिश के दौरान जलप्रपात और नदी-नालों का जलस्तर अचानक बढ़ सकता है। ऐसे में पर्यटकों को तेज बहाव वाले क्षेत्रों और चट्टानों के बीच जाने से बचना चाहिए। प्रशासन की चेतावनी और सुरक्षा निर्देशों का पालन करने से इस तरह की घटनाओं को रोका जा सकता है।