छिंदवाड़ा में 400 फीट ऊंचे BSNL टावर पर चढ़ा युवक, मौके पर पुलिस और प्रशासनिक अधिकारी, रेस्क्यू ऑपरेशन जारी

Chhindwara Rescue Operation : छिंदवाड़ा में एक युवक 400 फीट ऊंचे BSNL टावर पर चढ़ गया। सूचना मिलते ही पुलिस, प्रशासन और रेस्क्यू टीम मौके पर पहुंची। युवक को सुरक्षित नीचे उतारने के प्रयास जारी हैं।
Chhindwara BSNL Tower Youth Rescue
टावर पर चढ़ता युवक (फोटो सोर्स- नवभारत)
Published on
Updated on

Chhindwara BSNL Tower Youth Rescue: छिंदवाड़ा शहर में सोमवार को उस समय हड़कंप मच गया, जब एक अज्ञात युवक करीब 400 फीट ऊंचे बीएसएनएल टावर पर चढ़ गया। युवक टावर के सबसे ऊपरी हिस्से तक पहुंचकर बैठ गया, जिससे पूरे इलाके में सनसनी फैल गई। घटना की जानकारी मिलते ही पुलिस, प्रशासन और रेस्क्यू से जुड़ी टीमें मौके पर पहुंच गईं। फिलहाल युवक को सुरक्षित नीचे उतारने के लिए लगातार प्रयास किए जा रहे हैं।

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार युवक काफी देर से टावर की चोटी पर बैठा हुआ है और नीचे उतरने का नाम नहीं ले रहा। टावर की ऊंचाई अधिक होने के कारण रेस्क्यू अभियान बेहद चुनौतीपूर्ण बन गया है। किसी भी तरह की अनहोनी से बचने के लिए पुलिस ने टावर के आसपास सुरक्षा घेरा बना दिया है और लोगों को सुरक्षित दूरी पर रहने की हिदायत दी है।

भीड़ नियंत्रण में जुटी पुलिस

घटना की सूचना मिलते ही बड़ी संख्या में स्थानीय लोग मौके पर पहुंच गए। देखते ही देखते घटनास्थल पर भीड़ जमा हो गई, जिससे पुलिस को भीड़ नियंत्रण में भी मशक्कत करनी पड़ी। प्रशासन ने लोगों से अपील की है कि वे घटनास्थल पर अनावश्यक भीड़ न लगाएं और रेस्क्यू ऑपरेशन में सहयोग करें।

युवक की पहचान नहीं

छिंदवाड़ा पुलिस अधिकारियों के अनुसार फिलहाल युवक की पहचान नहीं हो सकी है। यह भी स्पष्ट नहीं हो पाया है कि उसने टावर पर क्यों चढ़ाई की। आशंका जताई जा रही है कि युवक किसी मानसिक तनाव या निजी कारणों से यह कदम उठा सकता है, हालांकि इसकी आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है। युवक के सुरक्षित नीचे आने के बाद ही पूरे मामले की वास्तविक वजह सामने आ सकेगी।

युवक को समझाने की कोशिश जारी

मौके पर मौजूद अधिकारी लगातार युवक से बातचीत करने का प्रयास कर रहे हैं। उसे समझाइश देकर सुरक्षित नीचे उतरने के लिए कहा जा रहा है। वहीं रेस्क्यू टीम भी टावर की ऊंचाई और परिस्थितियों का आकलन कर बचाव अभियान की रणनीति तैयार कर रही है। ऊंचाई अधिक होने और टावर की संरचना जटिल होने के कारण अभियान काफी सावधानी के साथ चलाया जा रहा है।

सुरक्षित नीचे उतारना प्राथमिकता

फिलहाल पुलिस, प्रशासन और रेस्क्यू दल की पूरी टीम घटनास्थल पर मौजूद है और स्थिति पर लगातार नजर बनाए हुए है। पूरे शहर की नजर इस रेस्क्यू ऑपरेशन पर टिकी हुई है। प्रशासन का कहना है कि युवक को सुरक्षित नीचे उतारना उनकी पहली प्राथमिकता है। उसके बाद उसकी पहचान, स्वास्थ्य की जांच और टावर पर चढ़ने के कारणों की विस्तृत जांच की जाएगी।

https://youtube.com/shorts/6xZwFEj_f6w?si=KVrTjr0JRrDzjU9n

Navbharat Live
navbharatlive.com