पंडित धीरेंद्र कृष्ण शास्त्री का भाई शालिग्राम गर्ग गिरफ्तार, न्यायालय ने भेजा जेल; फायरिंग का है मामला

Shaligram Garg Firing Case: बागेश्वर धाम के धीरेंद्र शास्त्री के भाई शालिग्राम गर्ग फायरिंग और मारपीट के मामले में गिरफ्तार, कोर्ट ने भेजा जेल, धीरेंद्र शास्त्री बोले- 'हमारा उनसे संबंध नहीं'।
Shaligram Garg, brother of Dhirendra Krishna Shastri, arrested in connection with the firing case and remanded to judicial custody
धीरेंद्र शास्त्री का भाई गिरफ्तार (सोर्स- सोशल मीडिया)
Updated on

Shaligram Garg Arrested In Firing Case: छतरपुर जिले के राजनगर थाना क्षेत्र में हुई फायरिंग और मारपीट के चर्चित मामले में पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए बागेश्वर धाम के पीठाधीश्वर पंडित धीरेंद्र कृष्ण शास्त्री के भाई शालिग्राम गर्ग को उनके एक साथी के साथ गिरफ्तार कर लिया है।

पुलिस ने दोनों आरोपियों को हिरासत में लेकर आवश्यक कानूनी प्रक्रिया पूरी की और उन्हें न्यायालय में पेश किया। सुनवाई के बाद न्यायालय ने दोनों को न्यायिक अभिरक्षा में जिला जेल भेजने के आदेश दिए। यह मामला उस समय सुर्खियों में आया था जब राजनगर थाना क्षेत्र के ग्राम कोड़ा में फायरिंग और मारपीट की घटना सामने आई थी। घायल पक्ष ने शालिग्राम गर्ग पर गोली चलाने और मारपीट करने के आरोप लगाए थे। घटना के बाद पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू की थी।

उपलब्ध साक्ष्यों के आधार पर की जाएगी वैधानिक कार्रवाई

पुलिस का कहना है कि मामले की जांच जारी है और उपलब्ध साक्ष्यों के आधार पर आगे की वैधानिक कार्रवाई की जाएगी। यदि जांच में अन्य लोगों की भूमिका सामने आती है, तो उनके खिलाफ भी नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी। शालिग्राम गर्ग की गिरफ्तारी के बाद यह मामला पूरे बुंदेलखंड में चर्चा का विषय बना हुआ है। अब सभी की नजर पुलिस की आगे की जांच और न्यायिक प्रक्रिया पर टिकी है।

मामले पर क्या बोले पुलिस अधीक्षक

छतरपुर पुलिस अधीक्षक रजत सकलेचा के अनुसार, घायल मोतीलाल कुशवाहा की शिकायत के आधार पर मामला दर्ज किया गया है। शिकायत में मोतीलाल ने आरोप लगाया है कि वह अपने घर पर मौजूद था, तभी शालिग्राम गर्ग अपने साथियों के साथ वहां पहुंचा और उसे ललकारा। जैसे ही वह घर से बाहर निकला, आरोपियों ने उस पर लाठियों से हमला कर दिया। शिकायत के अनुसार, हमले के दौरान आरोपियों ने मोती कुशवाहा पर कथित तौर पर फायरिंग भी की।

इस मामले पर क्या बोले पंडित धीरेंद्र कृष्ण शास्त्री

घटना के बाद पंडित धीरेंद्र कृष्ण शास्त्री ने प्रतिक्रिया देते हुए कहा कि वह तीन वर्ष पहले ही स्पष्ट कर चुके हैं कि शालिग्राम गर्ग का उनके परिवार से कोई संबंध नहीं है। उन्होंने कहा, "पूरा विश्व हमारा परिवार है और पूरा समाज ही हमारा परिवार है। हम समाज, राष्ट्र और सनातन की सेवा के लिए समर्पित हैं।" उन्होंने यह भी कहा कि यदि कोई व्यक्ति दोषी पाया जाता है तो कानून अपना काम करेगा और उसके खिलाफ नियमानुसार सख्त कार्रवाई होनी चाहिए।

https://youtu.be/9PW-pbGgOzA?si=RkYFtBn7V2CWy652

Navbharat Live
navbharatlive.com