

NEET UG 2026 Bhopal Advisory: राष्ट्रीय पात्रता सह प्रवेश परीक्षा (NEET UG 2026) को लेकर राजधानी भोपाल में जिला प्रशासन और ट्रैफिक पुलिस ने व्यापक तैयारियां पूरी कर ली हैं। रविवार को आयोजित होने वाली परीक्षा के लिए शहर में 32 परीक्षा केंद्र बनाए गए हैं, जहां हजारों छात्र-छात्राएं शामिल होंगे। मेट्रो निर्माण कार्य के चलते संभावित ट्रैफिक दबाव को देखते हुए प्रशासन ने परीक्षार्थियों के लिए विशेष ट्रैफिक एडवाइजरी जारी की है।
अधिकारियों ने बताया कि परीक्षा दोपहर 2 बजे से शाम 5:15 बजे तक आयोजित होगी। परीक्षा केंद्रों में प्रवेश दोपहर 1:30 बजे तक ही दिया जाएगा। ऐसे में छात्रों को समय से पहले घर से निकलने और संभावित ट्रैफिक जाम को ध्यान में रखते हुए यात्रा की योजना बनाने की सलाह दी गई है।
ट्रैफिक पुलिस ने कुछ प्रमुख परीक्षा केंद्रों के लिए वैकल्पिक मार्ग भी सुझाए हैं। आनंद नगर स्थित केंद्र पर पहुंचने वाले छात्रों को प्रभात स्क्वायर और पिपलानी मार्ग से बचने तथा चेतक ब्रिज, गोविंदपुरा, भेल और महात्मा गांधी चौराहा होते हुए जाने की सलाह दी गई है। वहीं गौतम नगर स्थित गवर्नमेंट गीतांजलि गर्ल्स पीजी कॉलेज केंद्र के लिए नादरा बस स्टैंड, अग्रवाल धर्मशाला, छोला गणेश मंदिर और जेपी ब्रिज मार्ग का उपयोग करने की सलाह दी गई है।
NEET UG परीक्षा की निष्पक्षता और सुरक्षा बनाए रखने के लिए सख्त दिशा-निर्देश जारी किए गए हैं। परीक्षार्थियों को हल्के रंग के साधारण कपड़े पहनकर आने को कहा गया है। बड़े बटन, बेल्ट, घड़ी, आभूषण और अतिरिक्त जेब वाले कपड़ों की अनुमति नहीं होगी। मोबाइल फोन, स्मार्टवॉच, ब्लूटूथ डिवाइस समेत किसी भी प्रकार के इलेक्ट्रॉनिक उपकरण परीक्षा केंद्र में ले जाना प्रतिबंधित रहेगा।
प्रशासन ने दिव्यांग परीक्षार्थियों के लिए विशेष व्यवस्था भी की है। उन्हें परीक्षा में 65 मिनट का अतिरिक्त समय दिया जाएगा। इसके अलावा परीक्षा केंद्रों के आसपास लाउडस्पीकर के उपयोग पर प्रतिबंध रहेगा और सड़क किनारे पार्किंग की अनुमति नहीं होगी।
अभिभावकों से भी अपील की गई है कि वे परीक्षा केंद्रों के आसपास अनावश्यक भीड़ न लगाएं। ट्रैफिक और मार्ग संबंधी सहायता के लिए हेल्पलाइन नंबर 7049104825, 7049104640 तथा व्हाट्सएप सहायता नंबर 7587602055 जारी किए गए हैं। प्रशासन ने सभी छात्रों से शांतिपूर्वक और समय से परीक्षा केंद्र पहुंचने की अपील की है।