

Chhatarpur Live-in Partner Burn Case: छतरपुर जिले में लिव-इन रिलेशनशिप में रह रही एक युवती की ग्वालियर में इलाज के दौरान मौत हो गई। युवती को उसके लिव-इन पार्टनर द्वारा पेट्रोल डालकर जलाने का आरोप है। मौत से पहले युवती का एक वीडियो भी सामने आया है, जिसमें उसने अपने साथी पर आग लगाने का आरोप लगाया है। आरोपी को पुलिस पहले ही गिरफ्तार कर जेल भेज चुकी है।
जानकारी के अनुसार, चंदला थाना क्षेत्र के गुड़ा खुर्द गांव निवासी पुष्पा पिछले 4 साल से मनोज कुशवाह के साथ लिव-इन रिलेशनशिप में रह रही थी। दोनों का एक बच्चा भी है। आरोप है कि 17 मई को घरेलू विवाद के दौरान पुष्पा ने मनोज से सब्जी बनाने के लिए तेल मंगाया था, लेकिन वह तेल की जगह पेट्रोल लेकर आया और उस पर डालकर आग लगा दी।
गंभीर रूप से झुलसने के बाद पुष्पा को इलाज के लिए ग्वालियर के जयारोग्य अस्पताल के बर्न यूनिट में भर्ती कराया गया था। घटना के बाद परिजनों की शिकायत पर चंदला थाना पुलिस ने मामला दर्ज किया और अस्पताल पहुंचकर युवती के बयान भी दर्ज किए थे। पुलिस ने आरोपी मनोज कुशवाह को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया था।
इसी बीच इलाज के दौरान पुष्पा की मौत हो गई। मौत के बाद उसका एक वीडियो सामने आया है, जिसमें उसने स्पष्ट रूप से मनोज पर पेट्रोल डालकर जलाने का आरोप लगाया है। यह वीडियो अब मामले में अहम साक्ष्य माना जा रहा है।
मृतका की बड़ी बहन संगीता अहिरवार ने आरोपी मनोज कुशवाह पर कई गंभीर आरोप लगाए हैं। उनका कहना है कि मनोज पहले भी महिलाओं के साथ हिंसक घटनाओं में शामिल रहा है। उन्होंने आरोप लगाया कि आरोपी ने पहले भी एक महिला को जलाकर मार डाला था और दूसरी महिला को आग लगाकर गंभीर रूप से घायल कर दिया था। हालांकि इन आरोपों की आधिकारिक पुष्टि अभी नहीं हुई है।
युवती की मौत के बाद ग्वालियर के कंपू थाना पुलिस ने मर्ग कायम कर पोस्टमॉर्टम कराया और शव परिजनों को सौंप दिया। चूंकि घटना छतरपुर जिले के चंदला थाना क्षेत्र की है, इसलिए पूरी केस डायरी आगे की कार्रवाई और विवेचना के लिए चंदला पुलिस को भेजी जा रही है। पुलिस का कहना है कि मामले में पहले से दर्ज अपराध में अब युवती की मौत के बाद संबंधित धाराएं बढ़ाई जाएंगी और आगे की कानूनी कार्रवाई जांच के आधार पर की जाएगी।