स्वतंत्रता दिवस पर दर्दनाक हादसा: तेज रफ्तार अर्टिगा ने 3 बच्चों को रौंदा, 2 की मौत, एक गंभीर

Two Children Dead Chhatarpur : छतरपुर के लवकुशनगर में तेज रफ्तार अर्टिगा ने बाइक सवार तीन बच्चों को टक्कर मार दी। हादसे में दो बच्चों की मौत और एक गंभीर घायल है।
Ertiga Car Hits Three Children on Bike in Chhatarpur
अर्टिगा कार ने 3 बच्चों को रौंदा(फोटो सोर्स- नवभारत)
Published on: 
Updated on: 

Chhatarpur Road Accident : छतरपुर जिले के लवकुशनगर थाना क्षेत्र में स्वतंत्रता दिवस के दिन एक दर्दनाक सड़क हादसा हो गया। गुढ़ा खुर्द गांव के पास तेज रफ्तार अर्टिगा कार ने बाइक सवार तीन बच्चों को जोरदार टक्कर मार दी। हादसे में दो बच्चों की मौत हो गई, जबकि तीसरा बच्चा गंभीर रूप से घायल है। दुर्घटना के बाद मौके पर चीख-पुकार मच गई। पुलिस ने घटनास्थल पर पहुंचकर घायलों को अस्पताल पहुंचाया और मामले की जांच शुरू कर दी है।

जानकारी के मुताबिक, तीनों बच्चे स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर शिशु मंदिर विद्यालय में आयोजित कार्यक्रम में शामिल होने गए थे। कार्यक्रम खत्म होने के बाद तीनों एक ही बाइक पर सवार होकर अपने गांव गुढ़ा खुर्द स्थित घर लौट रहे थे। इसी दौरान रास्ते में सामने से आ रही तेज रफ्तार अर्टिगा कार ने उनकी बाइक को जोरदार टक्कर मार दी।

टक्कर इतनी भीषण कि दूर जा गिरे तीनों बच्चे

प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, कार की टक्कर इतनी तेज थी कि बाइक सवार तीनों बच्चे सड़क से कई फीट दूर जा गिरे। हादसा होते ही आसपास मौजूद लोग मौके पर पहुंचे और घायलों की मदद शुरू की। स्थानीय लोगों ने तत्काल पुलिस को घटना की सूचना दी। कुछ ही देर में पुलिस टीम भी मौके पर पहुंच गई और घायलों को अस्पताल पहुंचाने की व्यवस्था की।

15 वर्षीय अनिल ने मौके पर तोड़ा दम

हादसे में अनिल अहिरवार, पिता सीताराम अहिरवार, उम्र करीब 15 वर्ष, को गंभीर चोटें आईं। दुर्घटना इतनी भीषण थी कि अनिल ने मौके पर ही दम तोड़ दिया। घटना की खबर गांव पहुंचते ही परिजनों में कोहराम मच गया। स्वतंत्रता दिवस की खुशियां देखते ही देखते परिवार के लिए मातम में बदल गईं।

अस्पताल ले जाते समय विवेक की भी मौत

दूसरे घायल विवेक अहिरवार, पिता दिन्ना अहिरवार की हालत भी बेहद गंभीर थी। उसे इलाज के लिए जिला अस्पताल ले जाया जा रहा था, लेकिन रास्ते में ही उसकी मौत हो गई। इस हादसे में दो बच्चों की मौत की खबर सामने आने के बाद पूरे गांव में शोक का माहौल है। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।

तीसरा बच्चा गंभीर, जिला अस्पताल रेफर

हादसे में घायल तीसरे बच्चे संजू अहिरवार, पिता बिल्ला अहिरवार, उम्र करीब 14 वर्ष की हालत भी गंभीर बताई जा रही है। उसे प्राथमिक उपचार के बाद बेहतर इलाज के लिए जिला अस्पताल रेफर किया गया है। डॉक्टरों की निगरानी में उसका उपचार जारी है। परिजन उसकी हालत को लेकर चिंतित हैं।

Ertiga Car Hits Three Children on Bike in Chhatarpur
रतलाम में 8 लेन एक्सप्रेस-वे पर भीषण हादसा: खड़े ट्रक में घुसी अर्टिगा, 4 लोगों की मौत, 5 घायल

अर्टिगा की रफ्तार और चालक की भूमिका की जांच

घटना की सूचना के बाद लवकुशनगर पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है। पुलिस दुर्घटना के कारणों के साथ अर्टिगा कार की रफ्तार, टक्कर की परिस्थितियों और वाहन चालक की भूमिका की जांच कर रही है। हादसे के बाद चालक के संबंध में भी जानकारी जुटाई जा रही है। पुलिस का कहना है कि जांच के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।

Navbharat Live: Hindi News
navbharatlive.com