Chhatarpur News: दहेज प्रताड़ना के बाद नवविवाहिता की संदिग्ध मौत, पिता ने ससुराल पक्ष पर लगाया हत्या का आरोप

Chhatarpur News : छतरपुर में नवविवाहिता की संदिग्ध मौत के बाद पिता ने पति समेत ससुराल पक्ष पर दहेज प्रताड़ना और हत्या का आरोप लगाया है। एसपी से शिकायत कर निष्पक्ष जांच और एफआईआर की मांग की गई है।
Chhatarpur Dowry Death Case
नवविवाहिता की मौत पर सवाल (फोटो सोर्स- नवभारत)
Published on: 
Updated on: 

Chhatarpur Dowry Death Case: छतरपुर जिले में एक नवविवाहिता की संदिग्ध मौत का मामला सामने आया है। मृतका के पिता ने पुलिस अधीक्षक से शिकायत कर पति समेत ससुराल पक्ष पर दहेज प्रताड़ना और हत्या का गंभीर आरोप लगाया है। परिजनों का कहना है कि थाना बड़ामलहरा में शिकायत देने के बावजूद अब तक आरोपियों के खिलाफ एफआईआर दर्ज नहीं की गई है।

शिकायत के अनुसार, 24 वर्षीय किरण कुशवाहा का विवाह 11 मई 2025 को बड़ामलहरा थाना क्षेत्र के ग्राम मोती निवासी हरीनारायण कुशवाहा के साथ हुआ था। आरोप है कि विवाह के कुछ समय बाद से ही ससुराल पक्ष अतिरिक्त दहेज की मांग करने लगा और मांग पूरी नहीं होने पर किरण को मानसिक और शारीरिक रूप से प्रताड़ित किया जाता था। परिजनों का आरोप है कि उसके साथ कई बार मारपीट भी की गई।

जहरीला पदार्थ खिलाने का आरोप

मृतका के पिता का आरोप है कि 1 जून 2026 को पति और ससुराल पक्ष के अन्य लोगों ने कथित रूप से मारपीट करने के बाद किरण को जबरन जहरीला पदार्थ और डिटर्जेंट पाउडर खिला दिया, जिससे उसकी मौत हो गई। परिजनों का कहना है कि यह आत्महत्या नहीं बल्कि सुनियोजित हत्या है।

SP को सौंपा ज्ञापन

पीड़ित परिवार ने पुलिस अधीक्षक को दिए आवेदन में पति, सास, ससुर, ननद और देवर के खिलाफ हत्या और दहेज प्रताड़ना का मामला दर्ज कर निष्पक्ष जांच और कड़ी कार्रवाई की मांग की है। उनका आरोप है कि स्थानीय थाने में शिकायत के बावजूद अब तक कोई ठोस कार्रवाई नहीं की गई।

पुलिस की ओर से बयान नहीं

फिलहाल इस मामले में पुलिस की ओर से विस्तृत बयान सामने नहीं आया है। मामले की जांच जारी है और पुलिस का कहना है कि जांच के आधार पर आगे की वैधानिक कार्रवाई की जाएगी। जांच पूरी होने के बाद ही मौत की वास्तविक वजह और आरोपों की सच्चाई स्पष्ट हो सकेगी।

Navbharat Live: Hindi News
navbharatlive.com