‘पब्लिक रिएक्शन' के लिए चाट-चौपाटी पर अश्लील कपड़ों में घूमी लड़की, बवाल मचने पर शिकायत दर्ज

इंदौर में अश्लील कपड़े पहनकर घूमने वाली लड़की के खिलाफ सार्वजनिक स्थल पर अश्लीलता फैलाने के आरोप में मामला दर्ज किया गया है। लड़की का वीडियो तेजी से वायरल होने के बाद कई महिला संगठनों समेत बजरंग दल और अन्य संगठनों ने कार्रवाई की मांग की थी।
इंदौर की चाट-चौपाटी पर छोटे कपड़ों में घूमने को लेकर युवती के खिलाफ मामला दर्ज
(फोटो सोर्स सोशल मीडिया)
Published on
Updated on

इंदौर : इंदौर की मशहूर चाट-चौपाटी पर अश्लील कपड़े पहनकर घूमने वाली लड़की के खिलाफ पुलिस ने मामला दर्ज किया है। एक पुलिस अधिकारी ने बताया लड़की के खिलाफ सार्वजनिक स्थल पर अश्लीलता फैलाने के आरोप में आज शुक्रवार को मामला दर्ज किया गया है। लड़की रील बनाने के लिए बेहद ही छोटे और अश्लील कपड़ों में चाट-चौपाटी पर घूमती नजर आई थी। लड़की की इस हरकत का वीडियो सोशल मीडिया पर भी खूब वायरल हो रहा है।

इस घटना से मचे बवाल के बाद पुलिस ने उसके खिलाफ मामला दर्ज किया है। मामले को लेकर तुकोगंज पुलिस थाने के प्रभारी जितेंद्र सिंह यादव ने बताया कि लड़की 56 दुकान चाट-चौपाटी पर हाल ही में कम कपड़ों में घूमती नजर आई थी, जिससे विवाद पैदा हो गया था। उसकी इस हरकत के बाद उसके खिलाफ भारतीय न्याय संहिता की धारा 296 (सार्वजनिक स्थान पर अश्लीलता फैलाना) के तहत प्राथमिकी दर्ज की गई है।

महिला संगठनों ने दर्ज कराई शिकायत

लड़की की इस हरकत के बाद महिलाओं की कुछ स्थानीय संस्थाओं के साथ ही अलग-अलग सामाजिक और सांस्कृतिक संगठनों ने उसके खिलाफ शिकायत दर्ज कराई थी। पुलिस अधिकारी ने बताया, ‘‘हमने इन संगठनों के लोगों के बयान भी दर्ज किए हैं। उनका कहना है कि सार्वजनिक स्थल पर युवती के छोटे कपड़ों में घूमने से अश्लीलता फैली जिससे उनके मन में क्षोभ उत्पन्न हुआ।''

क्या है पूरा मामला

यह लड़की शहर की 56 दुकान के साथ ही मेघदूत चाट-चौपाटी पर भी कम कपड़ों में घूमती नजर आई थी। उसने काफी छोटा टॉप और शॉर्ट्स पहने हुए थे। वायरल वीडियो में साफ देखा जा सकता है कि लड़की के इस पहनावे से उसके आस-पास से गुजरने वाली महिलाएं और कई अन्य लोग असहज महसूस कर रहे हैं जबकि कई लोगों के लिए वह आकर्षण का केंद्र बन गई। लड़की ने अपने ये वीडियो ‘‘पब्लिक रिएक्शन'' के टाइटल से खुद ही सोशल मीडिया पर भी पोस्ट किए। सोशल मीडिया पर इस लड़की ने खुद को संयुक्त अरब अमीरात के दुबई शहर का रहने वाला भी बताया।

बवाल मचने के बाद मांगी माफी

लड़की के ये वीडियो तेजी से वायरल होने के बाद सत्तारूढ़ भारतीय जनता पार्टी, बजरंग दल और अन्य संगठनों के नेताओं ने पुलिस से लड़की के खिलाफ कार्रवाई की मांग की थी। हालांकि, विवाद बढ़ने पर लड़की ने सोशल मीडिया पर माफी मांगते हुए ये वीडियो भी अपने सोशल मीडिया एकाउंट से हटा दिए थे। यह लड़की अच्छी हिंदी बोलती है। हालांकि, लड़की ने दावा किया था कि वह दुबई में रहती है।

(एजेंसी इनपुट के साथ)

Navbharat Live: Hindi News
navbharatlive.com