

BJP MP Warning Digvijaya Singh: अयोध्या स्थित भगवान राम मंदिर में चढ़ावा चोरी मामले के बाद राम मूर्ति और मंदिर के प्राण प्रतिष्ठा पर कांग्रेस नेता के बयान को लेकर मध्य प्रदेश में सियासत तेज हो गई है। वरिष्ठ कांग्रेस नेता और पूर्व मुख्यमंत्री दिग्विजय सिंह के बयान के बाद भाजपा नेता लगातार उन पर हमले कर रहे हैं।
बता दें, कांग्रेस नेता दिग्विजय सिंह RSS को लेकर भी सवाल उठाते रहें हैं। उनके बयान के बाद एक भाजपा सांसद ने उन्हें चेतावनी दे डाली है। BJP नेता ने कहा कि चेतावनी दी कि अगर RSS पर कोई उंगली उठाएगा तो उसके उंगली तोड़ देंगे।
खंडवा लोकसभा क्षेत्र से बीजेपी सांसद ज्ञानेश्वर पाटिल ने दिग्विजय सिंह के बयान पर कड़ी प्रतिक्रिया दी है। दिग्विजय सिंह को निशाने पर लेते हुए पाटिल ने कहा कि यही सब कहकर उन्होंने अपने और कांग्रेस पार्टी का सत्यानाश किया है। कांग्रेस को निशाने पर लेते हुए BJP सांसद ने कहा कि ये हमेशा भगवान राम को काल्पनिक कहते थे, रामसेतु को काल्पनिक कहते थे। इसीलिए भगवान राम ने दिग्विजय और उनकी पार्टी की ऐसी स्थिति कर रखी है, क्योंकि उनका मन काला है। वे हमेशा हिन्दू समाज पर ऊंगली उठाते हैं।
कांग्रेस नेता दिग्विजय सिंह द्वारा RSS पर दिए गए बयान पर ज्ञानेश्वर पाटिल ने पलटवार किया। पाटिल ने कहा कि RSS पवित्र संगठन है। इस पर किसी को उंगली उठाने का कोई अधिकार नहीं है। पाटिल ने राम मंदिर में चढ़ावा चोरी मामले पर कहा कि जो लोग मंदिर में चढ़ावा चोरी और गलत आरोप लगा रहे हैं, ऐसे लोगों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी। BJP सांसद ने चेतावनी देते हुए कहा कि जो लोग संघ पर उंगली उठाएंगे, उनका हाथ तोड़ दिया जाएगा।
बता दें, पूर्व मुख्यमंत्री और वरिष्ठ कांग्रेस नेता दिग्विजय सिंह ने राम मंदिर की प्राण प्रतिष्ठा की प्रक्रिया और भगवान राम की मूर्ति को लेकर गंभीर सवाल उठाए थे। उन्होंने कहा था कि बिना कलश स्थापना किए कहां प्राण प्रतिष्ठा हुई है। साथ ही राम की मूर्ति पर सवाल करते हुए उन्होंने कहा कि भगवान राम की मूर्ति काली नहीं बनती है। यह हमेशा सफेद मार्बल की होती है। आगे उन्होंने आरोप लगाया था कि यह जो अपराध किया गया था आज उसी वजह से दंड मिल रहा है।