

Vishwas Ki Chaupal Narela: नरेला विधानसभा अंतर्गत वार्ड क्रमांक 37 में आयोजित विश्वास की चौपाल में बड़ी संख्या में स्थानीय रहवासी अपनी समस्याएं लेकर पहुंचे। जनसुनवाई के दौरान नागरिकों ने पेयजल, सड़क, सफाई, बिजली, पेंशन सहित विभिन्न जनसुविधाओं से जुड़ी समस्याएं मंत्री विश्वास सारंग के समक्ष रखीं।
चौपाल में लोगों की समस्याएं सुनने के बाद मंत्री विश्वास सारंग ने नगर निगम एवं जिला प्रशासन के संबंधित अधिकारियों को मौके पर ही आवश्यक निर्देश देते हुए सभी शिकायतों का शीघ्र और प्रभावी निराकरण सुनिश्चित करने को कहा। उन्होंने स्पष्ट किया कि आमजन की समस्याओं के समाधान में किसी प्रकार की लापरवाही स्वीकार नहीं की जाएगी।
जनसुनवाई के दौरान बड़ी संख्या में बुजुर्ग नागरिक सामाजिक सुरक्षा पेंशन से जुड़ी शिकायतें लेकर पहुंचे। इस पर मंत्री विश्वास सारंग ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि सोमवार को वार्ड क्रमांक 37 में विशेष शिविर आयोजित किया जाए, जिसमें पेंशन संबंधी सभी लंबित प्रकरणों का एक साथ निराकरण किया जाए, ताकि वरिष्ठ नागरिकों को बार-बार कार्यालयों के चक्कर न लगाने पड़ें।
इस अवसर पर मंत्री सारंग ने चौपाल में उपस्थित रहवासियों से संवाद करते हुए केंद्र एवं मध्यप्रदेश सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं की विस्तार से जानकारी दी। उन्होंने नागरिकों से आग्रह किया कि वे शासन की योजनाओं का अधिक से अधिक लाभ उठाएं और यदि किसी भी सरकारी योजना का लाभ दिलाने के नाम पर कोई शासकीय कर्मचारी, अधिकारी या दलाल कमीशन अथवा रिश्वत की मांग करता है, तो उसकी शिकायत सीधे उन्हें करें।
मंत्री विश्वास सारंग ने कहा कि जनहित की योजनाओं में भ्रष्टाचार किसी भी कीमत पर स्वीकार नहीं किया जाएगा। पात्र हितग्राहियों को बिना किसी बाधा और बिना किसी अवैध वसूली के योजनाओं का लाभ मिलना चाहिए। यदि कोई रिश्वत मांगता है तो उसकी सूचना तत्काल दें, दोषियों के विरुद्ध सख्त कार्रवाई की जाएगी।
मंत्री कहा कि विश्वास की चौपाल का उद्देश्य केवल समस्याएं सुनना नहीं, बल्कि जनता के साथ सीधा संवाद स्थापित कर उनके अधिकारों के प्रति जागरूक करना और शासन की योजनाओं का पारदर्शी लाभ प्रत्येक पात्र व्यक्ति तक पहुंचाना है। चौपाल में मौजूद रहवासियों ने अपनी समस्याओं पर त्वरित कार्रवाई के निर्देश मिलने और योजनाओं की जानकारी मिलने पर मंत्री विश्वास सारंग का आभार व्यक्त किया। कार्यक्रम में नगर निगम, जिला प्रशासन सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी एवं जनप्रतिनिधि उपस्थित रहे।
https://youtu.be/mdek-qTG0TQ?si=k4Gf50kEsin6YJ6V