भोपाल में बड़ा हादसा: EV ऑटो पलटने से कांग्रेस विधायक विपिन जैन घायल, जयवर्धन सिंह ने पहुंचाया अस्पताल
Congress MLA Accident: 74 बंगला क्षेत्र के पास कांग्रेस विधायक विपिन जैन का ईवी ऑटो पलटने से हादसा हो गया। पूर्व मंत्री जयवर्धन सिंह ने उन्हें अस्पताल पहुंचाया, जहां इलाज के बाद उनकी हालत स्थिर है।
- Reported By: सुधीर दंडोतिया | Edited By: प्रीतेश जैन
अस्पताल में भर्ती विधायक (फोटो सोर्स- नवभारत)
Bhopal MLA Vipin Jain Accident: राजधानी भोपाल के वीआईपी क्षेत्र 74 बंगला के पास मंगलवार को एक बड़ा सड़क हादसा हो गया। राज्यसभा चुनाव में कांग्रेस प्रत्याशी मीनाक्षी नटराजन के नामांकन निरस्त होने के विरोध में आयोजित धरना स्थल की ओर जा रहे कांग्रेस विधायक विपिन जैन ईवी ऑटो पलटने से घायल हो गए। इस दुर्घटना में विधायक और उनके साथ मौजूद पीएसओ दोनों को चोटें आई हैं।
जानकारी के अनुसार, विधायक विपिन जैन का निजी वाहन उस समय भोपाल में उपलब्ध नहीं था। इसके चलते वे अपने सरकारी आवास से कांग्रेस कार्यालय और धरना स्थल पर जाने के लिए एक इलेक्ट्रिक ऑटो में सवार हुए थे। जैसे ही वाहन 74 बंगला क्षेत्र के मोड़ के पास पहुंचा, वह अचानक अनियंत्रित होकर सड़क पर पलट गया।
विधायक के सिर में लगी चोट
हादसा इतना अचानक हुआ कि विधायक विपिन जैन के सिर में गंभीर चोट लग गई और खून निकलने लगा। उनके पीएसओ को भी इस दुर्घटना में चोटें आई हैं। घटना के बाद मौके पर अफरा-तफरी का माहौल बन गया और आसपास मौजूद लोगों ने तत्काल मदद की कोशिश की।
सम्बंधित ख़बरें
छतरपुर में नवविवाहिता की करंट लगने से मौत, मायके पक्ष ने लगाया दहेज प्रताड़ना और हत्या का आरोप
मध्य प्रदेश में जुलाई के तीसरे हफ्ते में 3.3 इंच बारिश से सुधरे हालात, 14 जिलों में सामान्य से ज्यादा बरसात
मुरैना जिला अस्पताल में हंगामा: स्कूल बस ड्राइवर की मौत के बाद परिजनों ने लगाए लापरवाही के आरोप, कलेक्टर बंगले
छतरपुर के अनगौर वन क्षेत्र में रेंजर पर गंभीर आरोप, वन भूमि किसानों को कथित रूप से किराए पर देने का दावा
जयवर्धन ने अपनी गाड़ी से पहुंचाया अस्पताल
इसी दौरान वहां से गुजर रहे पूर्व मंत्री और कांग्रेस विधायक जयवर्धन सिंह ने स्थिति को देखते हुए तुरंत अपना वाहन रोका। उन्होंने बिना देर किए घायल विधायक विपिन जैन और उनके पीएसओ को ऑटो से बाहर निकाला और अपनी गाड़ी से नजदीकी अस्पताल पहुंचाया। अस्पताल में उन्होंने डॉक्टरों से तुरंत इलाज शुरू कराने का अनुरोध किया और स्थिति पर नजर बनाए रखी।
ये भी पढ़ें : मीनाक्षी नटराजन का नामांकन खारिज: रोशनपुरा चौराहे पर कांग्रेस का बड़ा धरना, उपवास पर बैठे दिग्गज नेता
अस्पताल परिसर में लगी कांग्रेस कार्यकर्ताओं की भीड़
डॉक्टरों के अनुसार, विधायक विपिन जैन के सिर में चोट आने के कारण टांके लगाए गए हैं। हालांकि राहत की बात यह है कि उनकी और उनके पीएसओ दोनों की हालत अब स्थिर बताई जा रही है और वे खतरे से बाहर हैं। हादसे की खबर मिलते ही कांग्रेस संगठन में हलचल मच गई। पूर्व मुख्यमंत्री दिग्विजय सिंह सहित कई वरिष्ठ नेता अस्पताल पहुंचे और घायल विधायक का हालचाल जाना। फिलहाल अस्पताल परिसर में कांग्रेस नेताओं और कार्यकर्ताओं की भीड़ जुटी हुई है।
