तीर्थयात्रा के बेहतर प्रबंधन के लिए वैष्णो देवी मॉडल का अध्ययन कर रहा MP; सीएम मोहन यादव ने कही बड़ी बात

Vaishno Devi Shrine Board Model: सीएम मोहन यादव ने कहा कि वैष्णो देवी श्राइन बोर्ड की तर्ज पर बदलेंगे एमपी के धार्मिक स्थल। महाकाल, ओंकारेश्वर और भोजशाला में लागू होगी डिजिटल दर्शन विधा।
MP Higher Education Shift System CM Mohan Yadav Government Initiative
सीएम मोहन यादव (सोर्स- सोशल मीडिया)
Published on
Updated on

CM Mohan Yadav Jammu Kashmir Visit: मध्य प्रदेश के डॉ मुख्यमंत्री मोहन यादव ने शुक्रवार को कहा कि राज्य सरकार जम्मू-कश्मीर स्थित माता वैष्णो देवी धाम की व्यवस्थाओं का अध्ययन कर रही है, जिससे प्रदेश के प्रमुख धार्मिक स्थलों पर भीड़ प्रबंधन, सुरक्षा और श्रद्धालुओं की सुविधाओं को और बेहतर बनाया जा सके। माता वैष्णो देवी धाम के दौरे पर रवाना होने से पहले जम्मू में मीडिया से बातचीत करते हुए मुख्यमंत्री यादव ने बताया कि मध्य प्रदेश सरकार की एक टीम को वहां की व्यवस्थाओं का विस्तृत अध्ययन करने की जिम्मेदारी सौंपी गई है।

यह दल डिजिटल पंजीकरण प्रणाली, भीड़ नियंत्रण व्यवस्था, आवास सुविधाएं और श्रद्धालुओं के लिए सुव्यवस्थित दर्शन प्रबंधन जैसी व्यवस्थाओं का अवलोकन कर रहा है। मुख्यमंत्री ने कहा कि इन व्यवस्थाओं के आधार पर मध्य प्रदेश के धार्मिक स्थलों पर भी आधुनिक और बेहतर सुविधाएं विकसित करने की दिशा में काम किया जाएगा।

श्रद्धालुओं के लिए लगातार काम कर रही एमपी सरकार

मुख्यमंत्री डॉ मोहन यादव ने कहा कि मध्य प्रदेश सरकार धार्मिक स्थलों पर श्रद्धालुओं को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराने के लिए लगातार काम कर रही है। उन्होंने कहा कि सरकार का उद्देश्य देश के विभिन्न तीर्थस्थलों की सफल व्यवस्थाओं और मॉडलों को अपनाकर मध्य प्रदेश को श्रद्धालुओं के लिए एक आदर्श और सुविधाजनक धार्मिक पर्यटन केंद्र के रूप में विकसित करना है।

सीएम ने की जम्मू-कश्मीर पर्यटन विभाग के अधिकारियों से चर्चा

जम्मू-कश्मीर दौरे के दौरान मुख्यमंत्री यादव ने जम्मू-कश्मीर पर्यटन विभाग के अधिकारियों से तीर्थयात्रा प्रबंधन और पर्यटन अवसंरचना के संबंध में भी चर्चा की। उन्होंने कहा कि इस अध्ययन से राज्य सरकार को प्रशासनिक व्यवस्थाओं का आधुनिकीकरण करने और उज्जैन के महाकाल मंदिर, ओंकारेश्वर धाम और धार की भोजशाला सहित प्रमुख धार्मिक स्थलों पर सेवाओं में सुधार करने में मदद मिलेगी।

एमपी भी इस तरह की सुविधाएं विकसित करना चाहता है- सीएम

सीएम मोहन यादव ने आगे कहा कि वैष्णो देवी श्राइन बोर्ड ने श्रद्धालुओं के लिए एक सुव्यवस्थित और सेवा-उन्मुख व्यवस्था बनाई है। दर्शन व्यवस्था के साथ-साथ यह शैक्षणिक और स्वास्थ्य सेवा संस्थान भी संचालित कर रहा है। हम इस मॉडल का विस्तार से अध्ययन करना चाहते हैं और मध्य प्रदेश में भी इसी तरह की सुविधाएं विकसित करना चाहते हैं।

राज्य में चल रही धार्मिक अवसंरचना परियोजनाओं पर प्रकाश डालते हुए मुख्यमंत्री यादव ने कहा कि 2028 के सिंहस्थ पर्व के लिए उज्जैन में लगभग 30,000 करोड़ रुपए की विकास परियोजनाएं चल रही हैं। सीएम मोहन यादव ने आगे कहा कि ओंकारेश्वर में लगभग 3,000 करोड़ रुपए की अनुमानित लागत वाली एकतम धाम परियोजना भी तेजी से प्रगति कर रही है।

Navbharat Live: Hindi News
navbharatlive.com