भोपाल में UPSC प्रीलिम्स-2026 का महा-आयोजन, 36 केंद्रों पर 12 हजार से अधिक अभ्यर्थियों ने दिया एग्जाम

Madhya Pradesh News: UPSC की सिविल सेवा प्रारंभिक परीक्षा-2026 रविवार को भोपाल के 36 परीक्षा केंद्रों पर आयोजित की गई। परीक्षा में 12 हजार से अधिक अभ्यर्थियों ने हिस्सा लिया।
UPSC Preliminary Examination 2026
भोपाल में यूपीएससी केंद्रों पर 12 हजार से ज्यादा अभ्यार्थि (सोर्स- सोशल मीडिया)
Published on: 
Updated on: 

UPSC Preliminary Examination 2026: संघ लोक सेवा आयोग (UPSC) की सिविल सेवा प्रारंभिक परीक्षा-2026 रविवार को भोपाल के 36 परीक्षा केंद्रों पर आयोजित की गई। परीक्षा में 12 हजार से अधिक अभ्यर्थियों ने हिस्सा लिया। परीक्षा दो शिफ्ट में संपन्न हुई, जिसके चलते सुबह और दोपहर दोनों सत्रों में केंद्रों पर परीक्षार्थियों की भारी भीड़ देखने को मिली।

शहर के कई सरकारी और निजी स्कूलों व कॉलेजों को परीक्षा केंद्र बनाया गया था। प्रमुख केंद्रों में मोतीलाल विज्ञान महाविद्यालय, एमएलबी गर्ल्स कॉलेज, सरोजिनी नायडू गर्ल्स कॉलेज, कोपल कॉलेज, मित्तल इंस्टीट्यूट और केएनपी कॉलेज शामिल रहे।

लेट पहुंचे अध्यर्थियों को नहीं मिला एंट्री का मौका

संघ लोक सेवा आयोग के निर्देशों के मुताबिक परीक्षा शुरू होने से आधा घंटा पहले तक ही अभ्यर्थियों को प्रवेश की अनुमति दी गई थी। सुबह 9 बजे के बाद पहुंचे कई परीक्षार्थियों को केंद्रों में एंट्री नहीं मिल सकी। परीक्षा केंद्रों के बाहर सुबह से ही अभ्यर्थियों की लंबी कतारें और काफी भीड़ देखने को मिली।

परिक्षा केंद्रों पर सुरक्षा के कड़े इंतजाम

परीक्षा केंद्रों पर सुरक्षा के व्यापक इंतजाम किए गए थे। अभ्यर्थियों को प्रवेश से पहले सघन जांच प्रक्रिया से गुजरना पड़ा। एडमिट कार्ड और मूल फोटो पहचान पत्र की जांच के बाद ही उन्हें अंदर जाने की अनुमति दी गई। वहीं, फोटो स्पष्ट नहीं होने पर अभ्यर्थियों से अतिरिक्त पासपोर्ट साइज फोटो भी मांगे गए।

इलेक्ट्रॉनिक डिवाइस पर पूरी तरह प्रतिवंध

परीक्षा के दौरान मोबाइल फोन, स्मार्ट वॉच, ब्लूटूथ डिवाइस समेत सभी इलेक्ट्रॉनिक उपकरणों पर पूरी तरह प्रतिबंध लगाया गया था। आयोग ने नियमों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की चेतावनी दी थी। इसे लेकर परीक्षा केंद्रों पर विशेष निगरानी और सतर्कता बरती गई।

अब मुख्य परीक्षा की तैयारी में अभ्यर्थी

यूपीएससी प्रारंभिक परीक्षा संपन्न होने के बाद अब सफल अभ्यर्थियों का फोकस मुख्य परीक्षा पर रहेगा, जो 21 अगस्त 2026 से शुरू होगी। परीक्षा को शांतिपूर्ण और व्यवस्थित तरीके से कराने के लिए प्रशासन ने सभी केंद्रों पर विशेष व्यवस्थाएं की थीं। सुरक्षा, निगरानी और अभ्यर्थियों की सुविधा को ध्यान में रखते हुए आवश्यक इंतजाम किए गए थे।

Navbharat Live: Hindi News
navbharatlive.com