UCC पर सियासत तेज: उमंग सिंघार का भाजपा सरकार पर हमला, बोले- जनता के मुद्दों से ध्यान भटका रही सरकार

MP Assembly News : मध्यप्रदेश विधानसभा में UCC विधेयक को लेकर कांग्रेस नेता उमंग सिंघार ने भाजपा सरकार पर हमला बोला। कांग्रेस ने आरोप लगाया कि सरकार जनता के मुद्दों से ध्यान भटका रही है।
Umang Singhar On UCC
नेता प्रतिपक्ष उमंग सिंघार (फोटो सोर्स- नवभारत)
Published on
Updated on

Umang Singhar On UCC : मध्यप्रदेश विधानसभा के मानसून सत्र के दूसरे दिन समान नागरिक संहिता (UCC) विधेयक को लेकर सियासत तेज हो गई। नेता प्रतिपक्ष उमंग सिंघार के नेतृत्व में कांग्रेस विधायक दल ने विधानसभा परिसर में प्रदर्शन कर भाजपा सरकार पर निशाना साधा।

कांग्रेस ने आरोप लगाया कि सरकार यूसीसी के जरिए राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ (RSS) के एजेंडे को आगे बढ़ाने का प्रयास कर रही है और जनता से जुड़े असली मुद्दों से ध्यान भटका रही है। प्रदर्शन के दौरान कांग्रेस विधायकों ने सांकेतिक तरीके से सरकार के खिलाफ विरोध दर्ज कराया।

जनता के मुद्दों को लेकर सरकार गंभीर नहीं

नेता प्रतिपक्ष उमंग सिंघार ने कहा कि प्रदेश में किसान, युवा, महिलाएं और आम लोग कई समस्याओं से जूझ रहे हैं, लेकिन सरकार इन मुद्दों पर गंभीरता नहीं दिखा रही। उन्होंने आरोप लगाया कि किसानों को खाद की परेशानी है, युवा रोजगार के लिए संघर्ष कर रहे हैं, महिलाओं के खिलाफ अपराध बढ़ रहे हैं और भ्रष्टाचार के मामले सामने आ रहे हैं, फिर भी सरकार इन विषयों पर चर्चा से बच रही है।

हिंदू-मुस्लिम जैसे मुद्दों के जरिए ध्यान भटकाना चाहती है सरकार

उन्होंने कहा कि भाजपा सरकार हिंदू-मुस्लिम विवाद, यूसीसी और लव जिहाद जैसे मुद्दों को सामने लाकर जनता का ध्यान मूल समस्याओं से हटाने का काम कर रही है। कांग्रेस नेता ने कहा कि शिक्षा, स्वास्थ्य, रोजगार, कृषि और महंगाई जैसे मुद्दे सरकार की प्राथमिकता में होने चाहिए।

किसानों की समस्या पर चर्चा से बच रही सरकार

उमंग सिंघार ने सवाल उठाया कि यदि सरकार जनता के हितों को लेकर गंभीर है तो वह किसानों की समस्याओं, बेरोजगारी, महिला सुरक्षा और स्वास्थ्य व्यवस्था पर चर्चा से क्यों बच रही है। उन्होंने कहा कि यूसीसी जैसे विषयों को जल्दबाजी में आगे बढ़ाने के बजाय सरकार को प्रदेश के ज्वलंत मुद्दों पर ध्यान देना चाहिए।

जनता से जुड़े मुद्दे उठाती रहेगी कांग्रेस पार्टी

कांग्रेस विधायक दल ने कहा कि वह विधानसभा के अंदर और बाहर जनता से जुड़े मुद्दों को मजबूती से उठाता रहेगा। पार्टी ने कहा कि किसानों, युवाओं, महिलाओं और आम नागरिकों के अधिकारों को लेकर उसका संघर्ष जारी रहेगा।

Navbharat Live: Hindi News
navbharatlive.com