ट्विशा शर्मा केस: मंत्रालय पहुंचे परिजन, CM मोहन यादव से की मुलाकात; सीबीआई जांच को लेकर दिया बड़ा बयान

Twisha Sharma Case Update: ट्विशा शर्मा के परिजनों ने सीएम मोहन यादव से मुलाकात की। इस दौरान सीएम ने कहा कि राज्य सरकार इस पूरे मामले में हर संभव सहायता प्रदान करेगी।
CM Mohan Yadav Meets Twisha Sharma Family Promises CBI Investigation And Government Transport For Delhi AIIMS
ट्विशा शर्मा के परिजनों ने की सीएम से मुलाकात (सोर्स- सोशल मीडिया)
Published on
Updated on

Twisha Sharma Family Member Meet CM Mohan Yadav: ट्विशा शर्मा की संदिग्ध परिस्थितियों में हुई मौत का मामला लगातार नया मोड़ ले रहा है। इसी बीच ट्विशा के परिजन भोपाल स्थित मंत्रालय पहुंचे और मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव से मुलाकात की। मुख्यमंत्री ने परिवार को भरोसा दिलाया कि राज्य सरकार इस पूरे मामले में हर संभव सहायता प्रदान करेगी। उन्होंने यह भी कहा कि मामले की जांच के लिए सीबीआई को पत्र भेजा जाएगा।

मुख्यमंत्री मोहन यादव ने स्पष्ट किया कि शव के दोबारा पोस्टमार्टम को लेकर अंतिम निर्णय न्यायालय करेगा। हालांकि, यदि परिजन चाहें तो पार्थिव शरीर को दिल्ली एम्स ले जाने के लिए सरकार की ओर से परिवहन सुविधा उपलब्ध कराई जाएगी।

दोबारा पोस्टमार्टम पर भोपाल कोर्ट में सुनवाई जारी

बता दें कि ट्विशा शर्मा के परिजनों ने दोबारा पोस्टमार्टम की मांग को लेकर भोपाल कोर्ट में याचिका दायर की है। इस मामले में बुधवार यानी 20 मई को अदालत में सुनवाई हुई, जिस पर जल्द फैसला आने की संभावना जताई जा रही है। परिजनों की सबसे मुख्य मांग यही है कि ट्विशा के शव का दोबारा से पोस्टमार्टम किया जाए।

परिजनों ने ट्विशा की सास और पति पर लगाए आरोप

इस मामले में ट्विशा के परिजन उसकी रिटायर्ड जज सास गिरिबाला सिंह और वकील पति समर्थ सिंह पर लगातार गंभीर आरोप लगा रहे हैं। परिवार का दावा है कि शादी के बाद से ही ट्विशा मानसिक तनाव में रहती थी और ससुराल का माहौल उसके लिए अनुकूल नहीं था। परिजनों का आरोप है कि गिरिबाला सिंह और समर्थ सिंह का व्यवहार अक्सर अभद्र रहता था और ट्विशा के प्रति उनका रवैया भी ठीक नहीं था। मामले की संवेदनशीलता को देखते हुए अब सभी की निगाहें कोर्ट के फैसले और आगे की जांच प्रक्रिया पर टिकी हुई हैं।

राष्ट्रीय महिला आयोग ने पुलिस से मांगी जानकारी

इस मामले में राष्ट्रीय महिला आयोग ने भी संज्ञान लिया है। आयोग की अध्यक्ष ने पुलिस से सात दिनों के भीतर एक्शन टेकन रिपोर्ट (ATR) मांगी है। साथ ही एफआईआर में लगाई गई धाराओं, आरोपी पति समर्थ सिंह की गिरफ्तारी, पासपोर्ट इम्पाउंड करने की कार्रवाई, सीसीटीवी फुटेज, कॉल रिकॉर्ड्स और फॉरेंसिक साक्ष्यों पर हुई प्रगति की विस्तृत जानकारी भी तलब की गई है। आयोग ने पीड़िता के परिवार को किसी भी प्रकार की धमकी या दबाव से सुरक्षा उपलब्ध कराने के निर्देश भी दिए हैं।

Navbharat Live
navbharatlive.com